हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 35वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला 19 मार्च से शुरू होकर चार अप्रैल तक चलेगा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को मेले का उद्घाटन करेंगे। साथ ही सरकार ने फैसला लिया है कि इस बार सितंबर और अक्तूबर महीने में भी इस तरह के मेले आयोजित किए जाएंगे।
चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महामारी के चलते पिछले दो साल से मेले का आयोजन नहीं किया जा सका था। इस बार मेले में जम्मू-कश्मीर सहयोगी प्रदेश और उज्बेकिस्तान सहयोगी देश है। मेले में लगभग 20 देशों के कलाकारों, शिल्पकारों के भाग लेने की उम्मीद है। मेले में आगंतुकों की सुविधा के लिए एक ई-टिकटिंग प्रणाली शुरू की गई है। मेले में करीब 25 लाख लोगों के आने की संभावना है।
प्रकाश पर्व की तैयारियां शुरू, भव्य होगा आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 24 अप्रैल को पानीपत में राज्य स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें सिख संतों समेत अन्य प्रदेशों के संत भी हिस्सा लेंगे। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा का न केवल श्री गुरु तेग बहादुर जी के साथ बल्कि सभी 10 सिख गुरुओं के साथ एक विशेष नाता रहा है, क्योंकि उनमें से अधिकांश ने कुरुक्षेत्र और लोहगढ़ में अपनी यात्रा की है, जो कभी सिख राज्य की राजधानी थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा का श्री गुरु तेग बहादुर जी के साथ एक विशेष संबंध है क्योंकि श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम से राज्य में 30 से अधिक गुरुद्वारे हैं। राज्य के युवाओं को दुनिया के सबसे महान मानवतावादी सिख गुरुओं के जीवन से समर्पण और बलिदान की भावना सीखने की आवश्यकता है।