हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक जताया है। राज्यपाल ने कहा कि लता दीदी ने दशकों तक देश की सेवा की और देश का गौरव बढ़ाया है। देश सदा उन्हें याद करेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लता मंगेशकर जी का निधन गीत संगीत की दुनिया और देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
हम जैसी कई पीढ़ियां उनके गाए हुए गीतों को गुनगुना कर बड़ी हुईं हैं। बदलते समय और तकनीक के साथ भले ही संगीत के क्षेत्र में भी भारी बदलाव हुए हों, नए-नए गायक और गीत आए हों लेकिन लता दीदी की आवाज और उनके गाने आज भी कानों में रस घोलकर सीधे दिल में उतर जाते हैं। जब तक भारतीय गीत संगीत लोगों का मनोरंजन करेगा, तब तक उनकी आवाज भी सुनी जाती रहेगी।
लता मंगेशकर के निधन पर प्रशासक ने जताया दुख, दो दिन के शोक की घोषणा
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके निर्देश पर गृह सचिव नितिन यादव ने दो दिन के शोक का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, दिवंगत आत्मा के सम्मान में शहर में दो दिन तक सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही किसी भी सरकारी विभाग की ओर से मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
स्वर कोकिला के नाम से प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए प्रशासक ने कहा कि भारत ने अपनी सबसे मधुर व सुरीली आवाज खो दी है। उनका निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सरहदों और भाषाओं की सीमाओं को पार करते हुए, विश्व प्रसिद्ध गायिका के गीतों ने पूरे उपमहाद्वीप में लोगों को आपस में जोड़ने का काम किया है।
संगीत के क्षेत्र की आने वाली पीढ़ियों को उनके गीत हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। भारत और फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान समेत लता मंगेशकर ने कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अपने नाम किए। आठ दशक लंबा शानदार कॅरिअर उन्हें ‘आर्टिस्ट ऑफ द सेंचुरी’ के रूप में सम्मानित करने के लिए प्रेरित करता है। पुरोहित ने कहा कि वह अपने असंख्य प्रशंसकों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।
अश्वनी शर्मा ने भी प्रकट किया शोक
भारत रत्न स्वर कोकिला और देश ही नहीं अपितु विश्व की स्वर हस्तियों में गिनी जाने वालीं लता मंगेशकर के निधन पर भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए शोक प्रकट किया है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि लता मंगेशकर ने अपनी आवाज से कई पीढ़ियों के दिलों पर राज किया। लता जी ने देश भक्ति, धार्मिक संगीत और संगीत के हर सुर को गाया। उनके निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है। लता दीदी सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा रहेंगी।
लता मंगेशकर युगों तक लोगों के दिलों पर राज करतीं रहेंगी: विज
गृहमंत्री अनिल विज ने भारत रत्न गायिका लता मंगेशकर के निधन पर दुख व्यक्त किया और इसे संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। विज ने ट्वीट करके कहा कि ‘भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका शरीर जरूर पंचतत्व में विलीन हो जाएगा लेकिन आने वाले युगों तक वे लोगों के दिलों पर राज करती रहेंगी। उनको मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।’