हर जिले के लिए अतिथि घोषित, पंचकूला में मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाएगी। इसके लिए सरकार की ओर से दिशा निर्देश के साथ जिलेवार अतिथियों की लिस्ट जारी कर दी गई है। राज्य स्तर का समारोह पंचकूला सेक्टर-एक स्थित रेड बिशप में मनाया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी मौजूद रहेंगे। जिला स्तर पर भी सुशासन दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की ड्यूटी लगाई गई है। सुशासन दिवस भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर मनाया जाता है। वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर को हुआ था।
सरकार की ओर से जारी पत्र के मुताबिक डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल गुरुग्राम में मौजूद रहेंगी। जींद में अनूप धानक, फरीदाबाद में कृष्णपाल गुर्जर, अंबाला में गृह मंत्री अनिल विज, भिवानी में कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल, चरखी दादरी में सांसद धर्मवीर सिंह, फतेहाबाद में पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, हिसार में निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, सांसद बृजेंद्र सिंह व डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, झज्जर में पटौदी विधायक सत्यप्रकाश, कैथल में मंत्री कमलेश ढांडा व सांसद नायब सिंह सैनी, करनाल में विधायक हरविंद्र कल्याण, कुरुक्षेत्र में मंत्री संदीप सिंह, नारनौल में मंत्री ओमप्रकाश यादव, नूंह में पलवल विधायक दीपक मंगला, पलवल में मंत्री मूलचंद शर्मा, पानीपत में सांसद संजय भाटिया व कृष्ण लाल पंवार, रेवाड़ी में बनवारी लाल, रोहतक में सांसद अरविंद शर्मा व रामचंद्र जांगड़ा, सिरसा में मंत्री रणजीत सिंह चौटाला, सोनीपत में सांसद कार्तिकेय शर्मा और यमुनानगर में शिक्षा मंत्री कंवर पाल मौजूद रहेंगे। सरकार ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि वह इस आयोजन को सफल बनाने में जरूरी संसाधन की व्यवस्था करवाएं।