चंडीगढ़ के लिए एसएसपी ट्रैफिक पद के लिए हरियाणा सरकार ने यूटी प्रशासन को तीन आईपीएस अफसरों के नाम का पैनल भेज दिया है। इनमें सिमरदीप सिंह, अरूण नेहरा व अश्विन सेनवी का नाम शामिल हैं।
हरियाणा सरकार ने अफसरों का पैनल दूसरी बार भेजा है। इससे पहले भेजे गए पैनल में खामियां गिनाते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने उसे खारिज कर दिया था और नया पैनल भेजने का अनुरोध किया था। इससे पहले जिन अफसरों का पैनल भेजा गया था उनमें से सभी आईपीएस अधिकारी पदोन्नत करके आए थे, जबकि चंडीगढ़ प्रशासन ने यह शर्त रखी थी कि आईपीएस में सीधे तौर पर चुने गए अधिकारियों का नाम भेजा जाएं। प्रशासन ने यह भी कहा था कि अफसरों का नाम भेजते हुए इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि अधिकारियों के पास इस तरह के पद पर काम करने का पर्याप्त अनुभव भी होना चाहिए।
इससे पहले सात मई को प्रशासन ने हरियाणा के आईपीएस अधिकारी मनीष चौधरी का कार्यकाल खत्म होने के बाद उन्हें रिलीव कर दिया था। चौधरी ने चार साल तक शहर में एसएसपी ट्रैफिक के पद पर काम किया था। चंडीगढ़ यूनियन टेरोटेरी में हरियाणा के आईपीएस अफसर ही ट्रैफिक एसपी के तौर पर लगते आएं हैं।