विधानसभा में शुक्रवार को ओलंपिक पदक विजेताओं की उपलब्धि पर सर्वसम्मति से प्रशंसा प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री ने सदन में प्रस्ताव पढ़ा और हरियाणा के खिलाड़ियों के पदक जीतने की सराहना की। मुख्यमंत्री के प्रस्ताव का नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने समर्थन किया।
हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों का वह सम्मान करते हैं। सरकार नीरज चोपड़ा को सेना में मानद कर्नल बनाने की सिफारिश केंद्र सरकार से करे। बजरंग पुनिया और रवि दहिया को डीएसपी बनाया जाए। पदक विजेता खिलाड़ियों को कोच की नौकरी देने से वह संतुष्ट नहीं हैं।
खिलाड़ियों को स्कूल स्तर से ही पहचान कर उच्च स्तरीय सुविधाएं दी जाएं, पदक जीतने वालों की सूची और लंबी होगी। कादियान ने कहा कि हॉकी खिलाड़ी बेशक सेमीफाइनल में हार गईं लेकिन उन्होंने दिल जीता है। इसलिए उनकी इनाम राशि बढ़ाकर एक करोड़ की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सरकार 15 लाख रुपये देती आ रही है। यह राशि महिला हॉकी खिलाड़ियों के लिए कम लगी इसलिए चौथे स्थान पर रहने वाले सभी खिलाड़ियों को 50 लाख रुपये देने की घोषणा सरकार ने की है।
पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सदन की ओर से मुख्यमंत्री ने विशेषतौर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि 31 खिलाड़ी हरियाणा के हैं। देश के 7 पदकों में से 3 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के हैं। नीरज ने तो ओलंपिक खेलों के 121 सालों के इतिहास में देश को ट्रैक एंड फील्ड खेलों का पहला स्वर्ण पदक दिलाया है।