हरियाणा सरकार कर्मचारियों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए सरकारी कार्यालयों में योग ब्रेक (वाई ब्रेक) लागू करने जा रही है। इसके तहत अधिकारी व कर्मचारियों को रोज पांच से दस मिनट की योग क्रियाएं करनी होंगी। इसकी शुरुआत उच्च शिक्षा निदेशक ने अपने आधीन कालेजों में शुरू कर दी है।
निदेशक की ओर से विश्वविद्यालयों, सरकारी कॉलेजों, सरकारी सहायता प्राप्त और स्व-वित्तपोषित कॉलेजों को एक आदेश जारी किया गया है, जिसमें उन्हें कार्यस्थल में उत्पादकता में सुधार के लिए योग ब्रेक को सख्ती से लागू करने को कहा है। बताया जा रहा है कि जल्द उच्च शिक्षा विभाग की तर्ज पर अन्य विभागों में इस संबंध में आदेश जारी हो सकते हैं।
आयुष मंत्री अनिल विज ने कहा कि नए प्रोटोकॉल के कार्यान्वयन से कर्मचारियों की दक्षता में सुधार करने में काफी मदद मिलेगी। इससे पहले, राज्य महानिदेशक, आयुष ने विभिन्न सरकारी विभागों से स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने के लिए योग ब्रेक को लागू करने के लिए कहा था। योग ब्रेक का मुख्य मकसद कर्मचारियों पर काम के तनाव को कम करना और तनाव फ्री माहौल देना है, ताकि वह अपने काम में और बेहतर काम कर सकें।