हरियाणा में स्कूलों का समय बदला।
- फोटो : फाइल
हरियाणा सरकार ने भीषण गर्मी के कारण सरकारी और निजी स्कूलों का समय बदल दिया है। अब पूरे प्रदेश में सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक स्कूलों के खुलने का समय रहेगा। स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महाबीर सिंह ने सोमवार को ही इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। तीन मई को छुट्टी के कारण चार मई से नई समय सारिणी लागू होगी।
शिक्षामंत्री के स्कूलों के समय में बदलाव की घोषणा के तुरंत बाद शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी कर दिया, जिसमें मई के बजाय फरवरी महीने की तारीख डाल दी गई। मुख्यमंत्री के ट्विटर हैंडल पर पहली से आठवीं कक्षा तक ही समय बदलने का जिक्र किया गया, जबकि निदेशालय ने बारहवीं कक्षा तक समय बदला है।
प्रदेश के अनेक जिलों में पारा 42 पार होने पर अभिभावकों व शिक्षक संगठनों ने शिक्षा मंत्री व प्रदेश सरकार से स्कूलों के खुलने व बंद होने का समय बदलने की मांग की थी। बिजली कट के कारण बच्चों की मुसीबत और बढ़ गई। पीने का पानी भी अनेक स्कूलों में नहीं था। उसका संज्ञान लेते हुए शिक्षा मंत्री ने सोमवार को समय बदलने का निर्णय ले लिया। शिक्षक नेता बीर सिंह राणा, हरियाणा शारीरिक शिक्षा अध्यापक संघ के मुख्य संरक्षक राजेश ढांडा ने इसके लिए शिक्षा मंत्री व स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों का आभार जताया है।