हरियाणा सरकार ने एमबीबीएस की नई बांड पालिसी को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को इस पर मुहर लगा दी। आगामी दो दिन में संशोधित पालिसी की अधिसूचना जारी हो जाएगी। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर ने इसकी पुष्टि की है। आंदोलनरत विद्यार्थी पिछले 20 दिन से संशोधित पालिसी का ही इंतजार कर रहे हैं। अधिसूचना जारी होने पर ही विद्यार्थी आंदोलन को खत्म करने या जारी रखने पर फैसला लेंगे।
विद्यार्थियों को है अधिसूचना का इंतजार
पीजीआई रोहतक समेत अन्य मेडिकल कालेजों में आंदोलनरत मेडिकल विद्यार्थियों को पालिसी की अधिसूचना का इंतजार है। एमबीबीएस विद्यार्थी पंकज बिट्टू, प्रिया कौशिक का कहना है कि वह 20 दिन से अधिसूचना का इंतजार कर रहे हैं। अधिसूचना जल्द जारी करने के लिए एमबीबीएस विद्यार्थियों ने सरकार को ज्ञापन भेजा है। अधिसूचना का अध्ययन करने के बाद ही आगामी फैसला लिया जाएगा।
एमबीबीएस की संशोधित बांड पालिसी को मुख्यमंत्री से मंजूरी मिल गई है। अधिसूचना जारी करने की तैयारी चल रही है। छात्रों के साथ जो बैठक हुई थी, उसके अनुसार ही पालिसी में संशोधन किया गया है। - वी उमाशंकर, प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री।