इस चुनाव में मोबाइल एप मतदाताओं को बता देगा कि उनके क्षेत्र में मतदान केंद्र पर कितनी लंबी लाइन लगी है। इस जानकारी के बाद बिना वक्त बर्बाद किए मतदाता पोलिंग सेंटर पर मतदान करने जा सकेंगे। इतना ही नहीं यही एप मतदाताओं को मतदान वाले दिन बार-बार वेाटिंग के लिए रिमाइंडर भी देता रहेगा।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने गूगल असिस्टेंट की तर्ज पर ‘वोट असिस्टेंट’ एप लांच किया है। इस एप से उन्हें मताधिकार से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध होंगी। रंजन ने बताया कि हरियाणा में 12 मई को होने वाले चुनाव में अधिक से अधिक लोगों को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस एप की सहायता से मतदाताओं को उनके मतदान केंद्र, मतदाता सूची में नाम, भाग नंबर, वोटर क्रमांक तथा उम्मीदवारों संबंधी सभी जानकारी प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त इस एप पर मतदाताओं को मतदान केंद्र पर लगी लाइन की भीड़ के बारे में जानकारी भी मिलेगी, जिससे मतदाता अपनी सुविधानुसार मतदान कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मोबाइल एप मतदाता को मतदान करने के लिए बार-बार याद दिलाएगा और मतदान के बाद रिमांइडर स्वत: ही बंद हो जाएगा। इस एप को कोई भी व्यक्ति एंड्रायड फोन पर गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता हैं।