कांग्रेस ने 32 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट घोषित कर दी है। कांग्रेस ने सभी 28 विधायकों पर भरोसा जताया है। चार दागियों को भी टिकट दिया गया है। पहलवान विनेश फोगाट जुलाना से ताल ठोकेंगी। जजपा से आए रामकरण काला और निर्दलीय धर्मपाल गोंदर को भी मौका दिया गया है।
लंबी जद्दोजहद और मंथन के बाद आखिरकार कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 32 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा में मौजूदा सभी 28 विधायकों पर विश्वास जताते हुए उनको दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है।
विज्ञापन
वहीं, शुक्रवार को पार्टी में शामिल हुईं ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से प्रत्याशी बनाया गया है। पिछले दिनों कांग्रेस में आए जजपा विधायक रामकरण काला को शाहाबाद और सरकार से समर्थन वापस लेने वाले निर्दलीय विधायक धर्मपाल गोंदर को नीलोखेड़ी से टिकट दिया गया है।
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान खुद होडल से प्रत्याशी होंगे। शुक्रवार देर रात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह सूची जारी की। कांग्रेस हाईकमान ने भाजपा में बगावत को देखते हुए सधे हुए तरीके से छोटी सूची जारी की है, ताकि पार्टी में शुरुआत में पार्टी में गुटबाजी और विरोध न हो।
विज्ञापन
इसलिए पहली सूची में 28 विधायकों को दोबारा उनके हलकों से प्रत्याशी बनाया गया है। किसी भी विधायक की सीट नहीं बदली गई है।
जेल में बंद विधायकों पंवार, छौक्कर, दान सिंह और मामन को टिकट
खनन मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए सोनीपत के विधायक सुरेंद्र पंवार को भी पार्टी ने टिकट दिया है। वह अभी जेल में हैं। मनी लांड्रिंग मामलों में आरोपी समालखा से धर्म सिंह छौक्कर, महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह और नूंह दंगों में आरोपी रहे फिरोजपुर झिरका से विधायक मामन खान को भी पार्टी ने टिकट दिया है। पहले चर्चा थी कि विवादों में घिरे और दागी विधायकों का टिकट काटा जाएगा।
तीन मुस्लिम चेहरों को टिकट
विधायक मामन खान, मुहम्मद इलियास और आफताब अहमद
पांच महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा
नारायणगढ़ से शैली चौधरी, साढौरा से रेनू बाला, जुलाना से विनेश फोगाट, कलानौर से शकुंतला खटक और झज्जर से गीता भुक्कल।
तीन नए चेहरों को मौका
जुलाना से विनेश फोगाट, नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और शाहबाद से रामकरण काला
पिछला चुनाव हारे केवल उदयभान को टिकट
2019 का विधानसभा चुनाव हार चुके सिर्फ एक नेता चौधरी उदयभान को टिकट दिया। चौधरी उदयभान इस समय हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी हैं। उदयभान को 2019 में भाजपा के जगदीश नैय्यर के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।
छह जिलों में एक भी प्रत्याशी का एलान नहीं
कांग्रेस ने छह जिलों की एक भी सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इनमें कैथल, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी और गुरुग्राम शामिल हैं। कैथल में 4, फतेहाबाद में 3, हिसार में 7, भिवानी में 4, चरखी-दादरी में 2 और गुरुग्राम जिले में 4 विधानसभा सीटें हैं। इन जिलों में 2019 में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।
झज्जर-नूंह की सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित
झज्जर जिले की चारों और नूंह जिले की तीनों सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी जीते थे।
हुड्डा के गढ़ रोहतक की एक, सोनीपत की दो सीटें होल्ड
भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गृह जिले रोहतक की महम और सोनीपत जिले की राई व गन्नौर सीट पर अभी उम्मीदवार का एलान नहीं किया गया। 2019 में यहां कांग्रेस हार गई थी।