साक्षी मलिक बोलीं-मेरी तरफ से आंदोलन जारी है
बजरंग पुनिया और विनेश फोगट के कांग्रेस में जाने पर पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि पार्टी में शामिल होना उनका निजी फैसला है। मेरा मानना है कि हमें त्याग करना चाहिए। हमारे आंदोलन, महिलाओं की लड़ाई को गलत छवि नहीं दी जानी चाहिए...मेरी तरफ से आंदोलन जारी है।
मलिक ने खुलासा कि कि मुझे भी ऑफर मिले थे, लेकिन मैं देखना चाहती थी कि मैंने आखिर तक क्या शुरू किया है। जब तक फेडरेशन साफ नहीं हो जाता और महिलाओं का शोषण खत्म नहीं हो जाता, मेरी लड़ाई जारी रहेगी...लड़ाई सच्ची है और यह जारी रहेगी।
राहुल गांधी से मिले थे दोनों पहलवान
कुछ दिन पहले दोनों पहलवानों ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी जिसके बाद से दोनों के राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई थी। इस मुलाकात के बाद से माना जा रहा था कि विनेश जुलाना और बजरंग पूनिया बादली सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। या फिर दोनों में से कोई एक पहलवान चुनावी मैदान में आ सकता है।
राहुल से मिलने के बाद बजरंग व विनेश ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की। पेरिस से लौटने के बाद जब विनेश फोगाट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची थीं तो कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा उनके स्वागत में पहुंचे थे।
विनेश के स्वागत में निकाले गए जुलूस में भी दीपेंद्र काफी दूर तक साथ चले थे। उस दौरान बजरंग पूनिया भी साथ थे। तभी से अटकलें लगाई जा रही थीं कि विनेश फोगाट व बजरंग पूनिया कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। उसके बाद दोनों पहलवानों ने दिल्ली में भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी मुलाकात की थी।