हरियाणा में लंबे अरसे से जेबीटी टीचर भर्तियों का इंतजार कर रहे एचटेट पास युवाओं की आस फिलहाल टूट गई है, क्योंकि सरकार ने ये साफ कर दिया है कि अभी शिक्षा विभाग के पास जेबीटी शिक्षकों के पद रिक्त नहीं हैं। लिहाजा जेबीटी शिक्षकों की नई भर्तियां निकालने की गुंजाइश भी अभी न के ही बराबर है। मगर, दूसरी ओर, जेबीटी भर्तियों के लिए एचटेट पास युवाओं ने आंदोलन का एलान कर रखा है।
पांच अगस्त को इन हजारों युवाओं ने सभी जिला मुख्यालयों में डीसी कार्यालयों पर सांकेतिक प्रदर्शन कर सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा था। अब ये संघर्षरत युवा अपने आंदोलन की अगली रणनीति तैयार कर रहे हैं। जिसके तहत एचटेट पास इन अभ्यर्थियों ने अब बरौदा में रोष रैली करने का निर्णय लिया है, क्योंकि इसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाला है। रोष रैली की तारीख अभी तय की जानी है।
बताते चलें कि प्रदेश में आखिरी बार जेबीटी (जूनियर बेसिक ट्रेनिंग) टीचरों की भर्ती 2012 में करीब 9870 पदों पर हुई थी। उसके बाद विभाग ने कोई भर्ती नहीं निकाली। इसी संदर्भ में एचटेट पास युवाओं ने हाईकोर्ट में केस भी डाला हुआ है। इसी से संबंधित 20 मार्च को हुई सुनवाई में मौलिक शिक्षा निदेशालय ने हल्फनामा देकर अवगत करवाया था कि प्रदेश में 5695 पद रिक्त हैं। जिन्हें जल्द भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मामले की अगली सुनवाई अब नवंबर में होनी है। मगर प्रदेश में अब शिक्षक - छात्र अनुपात 1:25 की बजाए 1:30 निर्धारित कर दिया गया है। जिसके बाद प्रदेश में अब जेबीटी शिक्षकों के पद सरप्लस हो गए हैं। यानी जेबीटी शिक्षकों की नई भर्तियों की संभावनाएं भी अब लगभग खत्म हो गई हैं। सरकार अब इन शिक्षकों की भर्ती नहीं करना चाहती।
शिक्षा विभाग के पास अभी जेबीटी टीचर के पद रिक्त नहीं हैं। वर्तमान में हमारा शिक्षक, छात्र अनुपात 1:30 हैं। विभाग के पास अभी जेबीटी शिक्षकों की संख्या पर्याप्त है। ऐसे में नई भर्तियां निकालने का फिलहाल कोई सवाल ही नहीं उठता। संघर्षरत युवाओं को भी इस बात को समझना होगा। सरकार सदैव उनकी हितैषी है। भविष्य में यदि जेबीटी शिक्षकों की जरूरत महसूस होती है, तो सरकार इन पदों के लिए जरूर भर्तियां निकालेगी।
- कंवरपाल गुर्जर, शिक्षामंत्री