सोमवार को हुई दोनों नेताओं की बैठक में इसी पर चर्चा हुई। निर्णय यह हुआ कि जिस नगरपालिका क्षेत्र में भाजपा विधायक हैं, वहां पार्टी के उम्मीदवार लड़ेंगे, जहां जजपा विधायक हैं, वहां भाजपा का प्रत्याशी नहीं लड़ेगा। दोनों दलों के वरिष्ठ नेता पर्चा भर चुके उम्मीदवारों से बात कर उनकी नामांकन वापसी कराएंगे।
तावड़े ने ही निकाय चुनाव में भाजपा-जजपा का गठबंधन आलाकमान के इशारे पर कराया है, इसलिए दुष्यंत ने उनका आभार भी जताया। रविवार को ही उपमुख्यमंत्री दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले थे। दोनों ही दल नहीं चाहते कि उनके उम्मीदवार आमने-सामने लड़ें और तीसरा प्रत्याशी जीत जाए।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सुनीं जनसमस्याएं
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास और पार्टी कार्यालय में जनसमस्याएं सुनीं। प्रदेशभर से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनते हुए डिप्टी सीएम ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। पानीपत जिले के गांव चुलकाना स्थित महात्मा गांधी बस्ती योजना के लाभार्थी डिप्टी सीएम से मिले और उनका धन्यवाद किया कि कष्ट निवारण समिति की बैठक में दुष्यंत चौटाला द्वारा दिए गए फैसले के बाद उन्हें 100-100 वर्ग गज के प्लाट आवंटित हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि बस्ती की एक गली के बीच में जानबूझकर पानी की टंकी बना दी गई है जो कि अवैध है, उसे तुरंत हटवाया जाए। उपमुख्यमंत्री ने इस मामले में जिला उपायुक्त पानीपत को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं, रोहतक जिले से आई एक पंचायत ने गांव में गली निर्माण की मांग रखी, जिस पर दुष्यंत चौटाला ने तुरंत अधिकारियों को एस्टीमेट बनाकर भिजवाने के निर्देश दिए।