हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार के बाद अगला नंबर हरियाणा का है। प्रदेश की मनोहर लाल खट्टर सरकार के मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की तैयारी अंदरखाते चल रही है। सरकार कभी भी मंत्रिमंडल में बदलाव कर सकती है। इसमें हैवीवेट मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया जाएगा।
कुछ मंत्रियों का प्रमोशन हो सकता है तो कुछ का वजन हल्का होगा और कुछेक को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। करीब छह मंत्रियों के विभाग इधर से उधर करने की तैयारी है। दो मंत्रियों को आराम देकर उनकी जगह नए विधायकों को सरकार चलाने का मौका भी मिल सकता है।
हरियाणा में सरकार गठन के बाद यह बड़ा परिवर्तन होगा। इससे पहले सरकार ने कृष्ण पंवार को मंत्री बनाते समय कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया था लेकिन यह बड़ा नहीं था। इस बार विभागाें के बंटवारे में मुख्यमंत्री के विश्वासपात्र मंत्रियाें की जिम्मेदारी बढ़ सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सत्ता के साथ संगठन के कामकाज पर भी पूरी तरह से नजर रखी जा रही है। लिहाजा आने वाले समय में संगठन में भी परिवर्तन संभव है। फिलहाल आलाकमान ने मंत्रियाें की परफारमेंस पर नजरें गड़ा दी हैं।
---------------------------------------
फ्लैगशिप योजनाएं होंगी आधार
राज्य के गोल्डन जुबली समारोह के लिए तैयार हो रही फ्लैगशिप योजनाएं मंत्रियों के कामकाज के आकलन का आधार होंगी। हरियाणा में दो साल पूरे होने पर अब तक की परियोजनाओं का रिकॉर्ड भी मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री के सामने रखना होगा। लिहाजा, अधिकतर उन योजनाओं का ब्योरा पेश करना होगा, जिन्हें पूरा करने के लिए भाजपा ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में वादा कर रखा है। गोल्डन जुबली समारोह के लिए सभी मंत्रियों को फ्लैगशिप योजनाएं तैयार करने तथा लगातार उनका फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए हैैं।