हरियाणा बजट सेशनक का बहिष्कार करके बाहर बैठे कांग्रेस सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा विधानसभा आज से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। कांग्रेस के तीन विधायक आगामी सत्र तक निलंबित रहेंगे। बजट सत्र के आखिरी दिन कांग्रेस के तीन निलंबित विधायक पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के साथ विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल गुज्जर से मिले।
इस दौरान उन्होंने निलंबन रद्द करने की बात कही। सत्र की कार्रवाई अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए जाने के बाद भी विधानसभा अध्यक्ष ने विधायकों के निलंबन पर कोई निर्णय नहीं लिया है। इस मामले पर सीएम मनोहर लाल खट्टर ने अगले सत्र में निलंबन रद्द करने की बात कही है। उनका कहना है कि अभी निलंबन रद्द नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि कांग्रेस इस बार विधानसभा की कार्यवाही में पहले दिन से सदन से बाहर है। राज्यपाल के अभिभाषण की प्रतियां फाड़ने पर कांग्रेस विधायकों को सदन से बाहर कर दिया गया था। इसके दूसरे दिन तीन विधायक कुलदीप शर्मा, जयवीर वाल्मीकि और जगबीर मलिक का छह माह के लिए निलंबन कर दिया गया था। तीनों विधायकों को एक साल के लिए विधानसभा की सभी समितियों से भी बाहर रखे जाने के आदेश दिए गए थे। तीन विधायकों के निलंबन को रद्द करने के लिए कांग्रेस के सभी विधायक दूसरे दिन से ही विरोध कर रहे थे।
उनका कहना था कि भाजपा उन्हें एसवाईएल और जाट आरक्षण आंदोलन के मुद्दे पर दबाना चाहती है। भाजपा चाहती है कि वे इसका विरोध न करें। इसके चलते कांग्रेस विधायकों ने इस बार सदन के एक भी दिन कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया, जबकि सदन के बाहर बैठकर सदन चलाया।