उन्होंने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों की 130 कंपनियों के साथ हरियाणा पुलिस राज्य विधानसभा के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
विर्क ने कहा कि पुलिस राज्य में संवेदनशील मतदान स्थलों की बारीकी से निगरानी कर रही है। सुरक्षा इंतजामों का विश्लेषण करने के बाद, उपलब्ध 130 केंद्रीय कंपनियों में से, सोनीपत जिले में 10, रोहतक और फरीदाबाद में 9-9, जींद में 8, झज्जर, भिवानी, हिसार, सिरसा और नूंह में 7-7 तथा कैथल और पलवल जिले में 6-6 कंपनी की तैनाती की जाएगी।
विर्क ने कहा कि पुलिस महानिदेशक, श्री मनोज यादव द्वारा पहले ही पडोसी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों से मतदान शुरू होने के 72 घंटे पहले अंतरराज्यीय सीमा पर अधिकतम बलों को तैनात करने के लिए अनुरोध किया जा चुका है।
विर्क ने कहा कि एहतियात के तौर पर हमने चुनाव से पहले अंतरराज्यीय सीमाओं की सीलिंग सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी राज्यों से उनके एरिया में अधिकतम पुलिसबल की तैनाती की भी मांग की है। इसके अलावा, इस बार हम अपने एक पुलिसकर्मी को भी मतदान के आखिरी 72 घंटों में गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस टीमों के साथ तैनात कर रहे हैं।