जिन सीटों पर कड़ा मुकाबला, वहां मतदान ज्यादा
इस बार एक यह भी ट्रेंड देखने को मिला कि जिन सीटों उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला था, वहां मतदान ज्यादा हुआ है। खासकर त्रिकोणीय मुकाबला। उम्मीदवार के समर्थक अपने वोटरों को पोलिंग बूथ तक लाने में कामयाब रहे हैं। जगाधरी में सबसे कड़ा मुकाबला है। इस सीट पर सैनी सरकार के सबसे वरिष्ठ मंत्री कंवरपाल गुर्जर, कांग्रेस के अकरम खान और आप के आदर्शपाल के बीच मुकाबला है। यहां पर 78.10 फीसदी मतदान हुआ। साढौरा में भी त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां से कांग्रेस की रेणु बाला, भाजपा के बलवंत सिंह और बसपा के बृजपाल छप्पर के बीच कड़ी लड़ाई है। इस सीट पर 76 फीसदी मतदान हुआ। इसी तरह से डबवाली में भी त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस सीट पर कांग्रेस के अमित सिहाग, जजपा के दिग्विजय चौटाला और इनेलो के आदित्य चौटाला मैदान में हैं। इस सीट पर 71 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है। वहीं, कड़े मुकाबले वाली सीट पर 70 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज हुआ है। लाडवा में सीएम नायब सिंह सैनी व कांग्रेस प्रत्याशी मेवा सिंह के बीच मुकाबला है। इस पर सीट पर 70 फीसदी मतदान हुआ। लोहारू में भाजपा के जेपी दलाल व कांग्रेस के राजबीर फरटिया के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां पर 70.20 फीसदी मतदान हुआ।
बीते पांच चुनाव का मतदान प्रतिशत
- 2019 67.92
- 2014 76.13
- 2009 72.29
- 2005 71.96
- 2000 69.01