वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अरुण जेटली भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में एक बड़े रणनीतिकार के रूप में जाने जाते थे। परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पूर्व वित्तमंत्री के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री की 25 को जन आशीर्वाद यात्रा स्थगित
पूर्व वित्त मंत्री के आकस्मिक निधन के कारण, 25 अगस्त को सुबह नौ बजे बहालगढ़ से शुरू होने वाली मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा स्थगित कर दी गई है। अब यह यात्रा 25 अगस्त की बजाय 26 अगस्त को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभ होगी।
यह भी पढ़ें- पहली ही रैली में इस दिग्गज नेता ने जेटली पर की थी भविष्यवाणी, सौ फीसदी सच साबित हुई
वे एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता एवं प्रख्यात विधिवेत्ता थे: मुख्यमंत्री
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वित्त मंत्री अरुण जेटली के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनका निधन भाजपा और भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में जो रिक्तता आ गई है, उसे भर पाना मुश्किल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और प्रख्यात विधिवेत्ता थे। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की।
अरुण जेटली के निधन से देश ने एक अनुभवी सांसद और राजनीतिज्ञ के साथ-साथ कानूनी तौर पर काबिल शख्सियत को खो दिया है। वित्त मंत्री रहते मुलाकातों के दौरान वह राज्य से संबंधित सभी अहम मसलों पर खुले दिल से विचार करते थे। इस घड़ी में मेरी सहानुभूति उनके परिवार के साथ हैं। - कै. अमरिंदर सिंह, मुख्यमंत्री, पंजाब
जेटली के निधन पर प्रशासक ने जताया दुख
यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने भी अरुण जेटली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में प्रशासक ने कहा कि अरुण जेटली के निधन से देश ने एक प्रतिष्ठित नेता खो दिया है। वह असाधारण गुणों वाले व्यक्ति थे। भारत के वित्त मंत्री के रूप में उनका योगदान अविस्मरणीय और विशेष रूप से आर्थिक सुधारों से भरा रहा है। लोगों के कल्याण के लिए उनका प्रतिबद्धता, लोकतांत्रिक रवैया और समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।
कुशल राजनीतिज्ञ एवं प्रशासक थे: पूर्व मुख्यमंत्री
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि जेटली कुशल अधिवक्ता, राजनीतिज्ञ एवं प्रशासक थे। उनके परिवार के सदस्यों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति दें।
पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली के निधन पर पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मलिक ने कहा कि पंजाब की राजनीति से उनका बहुत ही करीबी रिश्ता था। अमृतसर में उनके ननिहाल थे और उनका अमृतसर से बहुत ही गहरा लगाव रहा। अरुण जेटली पंजाबियत और धार्मिक प्रचार व प्रसार के लिए हमेशा काम करते रहे, क्योंकि उनके दिल में पंजाब और पंजाबियत बसी हुई थी।
मलिक ने कहा कि पंजाब में 2007 में हुए प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा सरकार को जीत दिलाने में भी अरुण जेटली की अहम भूमिका रही थी। जेटली ने अपने मंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने अमृतसर के विकास को पहल के आधार पर रखा और यहां पर आईआईएम जैसे देश के प्रख्यात शिक्षण संस्थान को शुरू करवाया।
जेटली ने भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ी : डॉ. बनवारी लाल
हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने देश के पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जेटली ने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ी है और उनके जाने से भारतीय राजनीति में बड़ी रिक्तता आई है जो लंबे समय तक नहीं भर पाएगी।
जेटली के निधन से राजनीति में बहुत बड़ा खालीपन पैदा हो गया : राम बिलास
हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। साथ ही कहा कि उनके निधन से राजनीति में खालीपन पैदा हो गया है। उन्होंने जेटली को प्रखर वकील, अनुभवी सांसद, और प्रतिष्ठित मंत्री बताते हुए कहा कि जेटली का राष्टृ निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है।