आप के यूथ विंग मोहाली ने टिकटों के आवंटन को लेकर बगावत शुरू कर दी है। विंग के जिला अध्यक्ष गुरतेज सिंह पन्नू ने सोमवार को कहा कि यह दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के इशारे पर किया जा रहा है। हर बार पार्टी बदलने वाले लोगों को आप के टिकट करोड़ों रुपये में बिक रहे हैं। यह सब कुछ पार्टी प्रमुख केजरीवाल के पाखंड को उजागर करता है।
पन्नू ने कहा कि हमारे पास 56 विधानसभा क्षेत्रों की एक सूची है, जहां कांग्रेस और अकाली दल जैसी पार्टियों से आप में शामिल होने वाले राजनीतिक नेताओं को उनके समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं की कीमत पर केवल 1-2 दिनों में टिकट दिया गया है। वहीं जिन लोगों ने पार्टी के लिए अपना खून और पसीना बहाया है, उनको पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है।
टिकट वितरण में पूरी तरह से पैसे का बोलबाला है। यह सब मोहाली के उदाहरण से स्पष्ट है, जहां एक रियल एस्टेट डेवलपर को कुछ दिन पहले ही पार्टी में आने के बाद मोहाली से टिकट दे दिया गया है। पन्नू ने सवाल उठाया कि कुछ दिन पहले पार्टी में आने वाले लोगों को पहल देते हुए मोहाली और अन्य स्थानों में मेहनती पार्टी के कार्यकर्ताओं की अनदेखी क्यों की गई। पार्टी को इसका स्पष्टीकरण देना होगा।