चंडीगढ़ के लगभग 40 केंद्रों पर रविवार सुबह साढ़े नौ बजे यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) की परीक्षा शुरू हुई। रविवार को यूपीएससी का पेपर -1 सुबह की पारी में आयोजित हुआ और पेपर-2 दोपहर की पारी में ढाई बजे शुरू हुआ। उम्मीदवारों ने बताया कि पहला पेपर काफी कठिन रहा। खेल के प्रश्न पहली बार पेपर में शामिल किए गए हैं। इसके अलावा मध्यकालीन और प्राचीन इतिहास के कई प्रश्न पूछे गए थे। जबकि मानचित्र से हर बार दो से तीन प्रश्न पूछे जाते हैं, इस बार एक भी नहीं पूछा गया।
पर्यावरण से लगभग 15 और साइंस एंड टेक से 10 के करीब प्रश्न पूछे गए। उम्मीदवारों ने बताया कि यूपीएससी का परीक्षा पैटर्न हर बार अलग रहता है लेकिन इस बार पेपर उम्मीद से अधिक कठिन रहा। जबकि परीक्षा केंद्रों पर आधे ही उम्मीदवार पेपर देने पहुंचे।
अमृत महोत्सव में लोगों ने कराई स्वास्थ्य की जांच
आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को पीजीआई गोल मार्केट स्थित जनऔषधि केंद्र पर लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य जांचा गया। इस दौरान मेयर रविकांत शर्मा ने जनऔषधि केंद्र पर मेडिकल स्टोर का भी उद्घाटन किया। मेयर ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति हमेशा भाजपा सजग रही है।
मेयर रविकांत शर्मा ने मेडिकल स्टोर का किया उद्घाटन।
हर व्यक्ति तक उसके बजट में दवा पहुंचे इसलिए जनऔषधि केंद्र की शुरुआत हुई है। जनऔषधि केंद्र चंडीगढ़ के क्षेत्रीय प्रभारी विनय पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सुबह साढ़े 9 बजे से बीपी, शुगर और खून की जांच के लिए शिविर लगाया गया। वहीं दवाएं भी लोगों को दी गईं। इस अवसर पर 75 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए प्राथमिक चिकित्सा किट भी दी गई।
टैगोर थियेटर में कवि सम्मेलन का आयोजन।
कविताओं पर श्रोताओं की तालियां बटोरी
बृहस्पति कला केंद और संस्कार भारतीय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित साहित्य सरिता की ओर से मासिक कवि सम्मेलन का आयोजन सेक्टर 18 के टैगोर थियेटर के मिनी ऑडिटोरियम में रविवार को हुआ। इनमें संतोष धीमान, अशोक मदिर, उर्मिल सखी, चमन शर्मा, जय गोपाल, बलबीर, सुशील हसरत नरलेलवी, राजन सुदामा में हिस्सा लिया। कवियों ने अपने कविता संग्रहालय से चुनिंदा शानदार कविताओं को पेश किया। प्रशंसकों ने खूब ताली बजाकर कवियों का अभिवादन किया।