पंचकूला के सेक्टर-5 में स्थित हैफेड कार्यालय में अटार्नी के पद पर कार्यरत एक अधिकारी ने इलाज करवाने के लिए छुट्टी न मिलने पर अदालत का दरवाजा खटखटा दिया है। कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हैफेड प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। याचिका के अनुसार सुखबीर सिंह वोकल ग्लैंड संक्रमण से पीड़ित हैं।
डिस्ट्रिक्ट अटार्नी सुखबीर सिंह ने हैफेड प्रबंधन को अपनी बीमारी का हवाला देते हुए छुट्टी की दरख्वास्त दी थी। बीमारी के चलते उन्हें पीजीआई द्वारा आराम करने की सलाह दी गई थी। याचिका के अनुसार सुखबीर सिंह वोकल ग्लैंड संक्रमण से पीड़ित हैं। पहले उन्होंने इसकी जांच पीजीआई चंडीगढ़ में करवाई, जिसके बाद डाक्टरों ने उनको एक माह के लिए वोकल ग्लैंड को आराम देने को कहा।
याचिका के अनुसार पीजीआई के डाक्टरों के निर्देश पर उन्होंने आराम करने के लिए हैफेड प्रबंधन से छुट्टी मांगी, लेकिन प्रबंधन ने छुट्टी देने से इंकार कर दिया। उन्होंने याचिका में कहा कि वह जो काम करते हैं वह कोई दूसरा भी कर सकता था। लेकिन उन्हें जानबूझ कर कामपर आने के लिए मजबूर किया गया, जिसके चलते उन्होंने कोर्ट में याचिका लगाकर अवकाश देने और उसकी अवधि बढ़ाने की गुहार की है। बताया जाता है कि हैफेड अधिकारी ने सुखबीर की छुट्टी के आवेदन को रद्द कर दिया गया था।