चंडीगढ़। सेक्टर-52 निवासी पोते के घर पूजा में शामिल होने जा रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे सेक्टर-45 स्थित बुड़ैल निवासी 55 वर्षीय कैलाश की मौत हो गई। पोते विवेक की शिकायत पर पुलिस ने टैक्सी नंबर (पीबी 01सी-2683) के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहाली फेज-5 स्थित शाही माजरा निवासी किरणपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद कैलाश का शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में विवेक ने बताया कि वह सेक्टर-52 में परिवार के साथ रहते हैं। 8 अगस्त को उनके घर पर पूजा थी, जिसमें उन्होंने अपने दादा को भी बुलाया था, लेकिन वह जब घर नहीं पहुंचे तो दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्हें देखने के लिए वह पैदल ही सेक्टर-52 डी के पार्क की तरफ चले गए। इस दौरान देखा कि दादा साइकिल से उनके घर की तरफ आ रहे थे तभी पार्क के पास से गुजर रही एक तेज रफ्तार कार ने उनके दादा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह उछलकर कार के शीशे पर जा गिरे। चालक ने वहीं अपनी गाड़ी रोक ली। हादसे के दौरान आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसके दादा को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बाइक और ऑटो को मारी टक्कर, दो घायल
उधर, एलांते मॉल के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर सवार महिला चालक ने बाइक व ऑटो को टक्कर मार दी। घटना में सेक्टर-29 निवासी बाइक चालक अरशद और ऑटो चालक आदिल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां अरशद के हाथ में फ्रैक्चर जबकि आदिल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। अरशद व आदिल दोनों सेक्टर-29 में रहते हैं। अरशद कोरियर कंपनी में काम करता है। अरशद के भाई दानिश ने बताया कि आदिल की बाइक औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 स्थित इंडसइंड बैंक के पास पार्किंग में खड़ी थी। दोनों ऑटो से उक्त पार्किंग पहुंचे। वहां से आदिल ऑटो लेकर और अरशद बाइक लेकर सेक्टर 29 स्थित अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि एलांते मॉल के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्चूनर ने पहले बाइक को और फिर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान महिला चालक मौके से फरार हो गई। प्राथमिक जानकारी में पुलिस को पता चला है कि फॉर्च्यूनर गाड़ी का नंबर बठिंडा में पंजीकृत है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।