हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय 15 अगस्त को राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गुरुग्राम में ध्वजारोहण करेंगे। ‘एट होम’ कार्यक्रम भी शाम को गुरुग्राम में ही होगा। राज्य के विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण सुबह नौ बजे के तुरंत बाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस बार फरीदाबाद, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला महेंद्रगढ़ में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता करनाल, गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज अंबाला, शिक्षा मंत्री कंवरपाल चरखी दादरी, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा पलवल, बिजली मंत्री रणजीत सिंह फतेहाबाद और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल पंचकूला में ध्वजारोहण करेंगे।
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल पानीपत, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा भिवानी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव यमुनानगर, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा हिसार, पुरातत्व-संग्रहालय एवं श्रम-रोजगार राज्य मंत्री अनूप धानक रेवाड़ी और खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह नूंह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
करनाल के मंडलायुक्त कैथल, रोहतक के मंडलायुक्त रोहतक, हिसार के मंडलायुक्त सिरसा, जबकि कुरुक्षेत्र, जींद, झज्जर और सोनीपत जिलों के डीसी अपने-अपने जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे। मंडल, जिला, उपमंडल, खंड, पंचायत मुख्यालयों और बड़े गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तय स्थानों पर मंत्रियों, राज्य मंत्रियों या मंडलायुक्त में से कोई किन्हीं कारणों से नहीं पहुंच पाता है तो वहां संबंधित डीसी ध्वज फहराएंगे। उपमंडल व तहसील मुख्यालयों पर एसडीएम या तहसीलदार ध्वजारोहण करेंगे। कोविड मानकों का पूरी तरह से पालन करना होगा।
स्वतंत्रता दिवस पर 17 कैदियों की रिहाई की तैयारी
हरियाणा सरकार विभिन्न जेलों में बंद अच्छे आचरण वाले 17 कैदियों की रिहाई की तैयारी में है। जेल विभाग की तरफ से इन कैदियों की रिहाई की अनुशंसा सरकार के पास भेजी जाएगी। इन्हें समय से पहले छोड़ने पर सरकार अंतिम निर्णय लेगी। जेल मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि गुरुवार को इस संबंध में राज्य स्तरीय समिति की बैठक हुई है।
बैठक में 42 कैदियों को अच्छे आचरण के आधार पर रिहा करने व जेल में रहते हुए उनके व्यवहार पर मंथन किया गया। स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर अच्छे व्यवहार वाले कैदियों को रिहा करने पर हर साल विचार किया जाता है। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव जेल राजीव अरोड़ा, पुलिस महानिदेशक जेल शत्रुजीत कपूर, आईजी जेल जगजीत सिंह, एलआर बिमलेश तंवर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।