मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लिया फैसला
चंडीगढ़। पंचकूला स्थित मदर टेरेसा फिजियोथैरेपी काॅलेज साकेत का प्रबंधन हरियाणा सरकार संभालेगी। इसके बाद इसे उत्तर भारत का बेहतरीन रिहैबिलिटेशन सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। यह फैसला यहां मंगलवार को मुख्य सचिव संजीव कौशल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में फिजियोथैरेपी काॅलेज के नवीनीकरण और पुनर्निर्माण को लेकर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस कॉलेज को हरियाणा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के अधीन चलाया जाएगा। कॉलेज में बेहतर ऑपरेशन, प्रशासनिक व शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। पैरा मेडिकल, टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ आदि की भर्ती एचकेआरएन के माध्यम से की जाएंगी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, एचकेआरएन के सीईओ के मकरंद पांडुरंग, निदेशक साकेत दमन प्रीत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
1.85 करोड़ की राशि होगी खर्च
साकेत काॅलेज के लिए नवीनीकरण के लिए लगभग 1.85 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। इनमें 66.23 लाख रुपए विशेष मरम्मत और 1.19 लाख रुपए इलेक्ट्रिकल कार्य पर खर्च होंगे। काॅलेज में बैचलर ऑफ फिजियोथैरेपी और मास्टर ऑफ फिजियोथैरेपी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है। 30 लाख रुपए की लागत से उपकरण खरीद कर नई फिजियोथैरेपी लैब में स्थापित किए जा रहे हैं। फिजियोथैरेपी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को भगत फूल सिंह खानपुर मेडिकल कॉलेज में शरीर रचना और शरीर विज्ञान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।