गर्मियों की छुट्टियों के लिए टॉय ट्रेन के लग्जरी कोच झरोखा की बुकिंग शुरू
- फोटो : फाइल फोटो
कालका रेलवे स्टेशन पर शिमला जाने वाले पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कालका-शिमला सेक्शन में रेल कार का संचालन शुरू कर दिया है। रेलवे ने शनिवार को स्पेशल रेल कार सुबह 6:30 बजे शुरू की। हालांकि रेल कार शुरू होने से भी टॉय ट्रेन की लाल हो रही वेटिंग लिस्ट में कोई खास असर नहीं पड़ा, क्योंकि विभाग द्वारा शुरू कि गई यह रेलकार मात्र 14 सीटर है। जानकारी के अनुसार पर्यटकों की टॉय ट्रेन ही पहली पसंद है। इन दिनों टॉय ट्रेन यात्रियों से पूरी तरह पैक होकर रवाना हो रही हैं।
सीजन के दौरान वेटिंग लिस्ट पर काबू पाने और यात्रियों की सुविधा के लिए रेल विभाग दो हॉली डे स्पेशल टॉय ट्रेन भी शुरू करता है। लेकिन इस बार डिब्बों के व्हील ना होने के कारण विभाग ट्रेन शुरू नहीं कर सका है। रेल अधिकारियों ने बताया कि रेल कार रोजाना चलेगी। यह कालका स्टेशन से सुबह साढ़े 6 बजे चलकर 12 बजे शिमला पहुंचेगी, वहीं शिमला से बाद दोपहर 4.50 बजे चलेगी और रात 9.45 बजे कालका रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
अंबाला मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार ने बताया कि नए व्हील मंगवाए गए हैं। एक सप्ताह में हॉली डे स्पेशल टॉय ट्रेन का संचालन हो सकता है। समर सीजन को देखते हुए सुबह 6:30 बजे शिमला के लिए स्पेशल रेल कार शुरू कर दी गई है। यदि डिमांड बढ़ी तो एक और रेल मोटर कार चलाई जाएगी।