हरियाणा सरकार ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो रेल परियोजना को वाईएमसीए चौक फरीदाबाद से बल्लभगढ़ तक विस्तार की योजना को सैद्घांतिक मंजूरी दे दी। इसके अलावा, सरकार ने फरीदाबाद-गुड़गांव मेट्रो लिंक परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ाने की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को हरियाणा मास रेपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार की भागीदारी से बल्लभगढ़ मेट्रो रेल परियोजना की कुल अनुमानित लागत 600 करोड़ रुपये है, जिसमें से 470 करोड़ रुपये हरियाणा सरकार और 130 करोड़ रुपये केंद्र द्वारा वहन किया जाना प्रस्तावित है।
हरियाणा सरकार की ओर से परियोजना के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि दिल्ली मेट्रो रेल निगम को जारी की जा चुकी है और निगम द्वारा विस्तृत योजना रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जानी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने गुड़गांव-फरीदाबाद को भी मेट्रो से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी कदम उठाने को कहा, क्योंकि इस परियोजना में बड़खल व सूरजकुंड जैसे महत्वपूर्ण स्थल हैं। इसके अलावा, दोनाें शहरों में बढ़ती हुई जनसंख्या को देखते हुए भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए यह आवश्यक है।