पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को घरिंडा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अमृतसर लाई है। हथियार और नशा तस्करी के मामले में रिमांड खत्म होने के बाद जालंधर पुलिस ने उसे जालंधर की अदालत में पेश किया था। वहां से घरिंडा थाने की पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया है।
पुलिस बिश्नोई से घरिंडा थानाक्षेत्र के गांव भकना में हुए एनकाउंटर मामले में पूछताछ करेगी। लॉरेंस को अमृतसर लाने के बाद अमृतसर की अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे पांच नवंबर तक रिमांड पर भेज दिया गया है। 19 जून 2022 को पाकिस्तान सीमा के पास स्थित गांव भकना में एनकाउंटर के बाद की गई जांच में सामने आया था कि मन्नु कुस्सा और जगरूप सिंह रूपा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़ के संपर्क में थे।
आरोपियों से मिले मोबाइल की फॉरेंसिंक जांच में भी कई खुलासे हुए थे। अब इस मामले में पुलिस लॉरेंस बिश्नोई से गहन पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि पुलिस आने वाले दिनों में इस मामले में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को भी हिरासत में लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। इससे पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली की तिहाड़ जेल से ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया था।