फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh: चंडीगढ़ में दोपहिया वाहनों की पार्किंग फ्री, बाकी को भी 10 मिनट की छूट, इन पर लगेगा दोगुना शुल्क

Wed, 26 Jul 2023 12:16 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

नगर निगम ने सभी पार्किंग स्थलों में ट्राइसिटी से बाहर की गाड़ियों पर दोगुनी पार्किंग फीस लगाई है। इन्हें 30 रुपये से लेकर 260 रुपये तक चुकाने होंगे। व्यावसायिक वाहन चालकों को 60 से 800 रुपये तक देने होंगे। नगद भुगतान पर 5 और 10 रुपये अतिरिक्त लिए जाएंगे।
विज्ञापन
चंडीगढ़ sector 17 की पार्किंग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ नगर निगम शहर के सभी 91 पार्किंग स्थलों को ठेके पर देने जा रहा है। मंगलवार को हुई सदन की बैठक में इस प्रस्ताव और नए पार्किंग शुल्क को मंजूरी दे दी गई। दोपहिया वाहनों की पार्किंग पूरे शहर में मुफ्त रहेगी। कार समेत अन्य तिपहिया व चारपहिया वाहनों से भी 10 मिनट तक की पार्किंग का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके बाद ट्राइसिटी के कार चालकों को चार घंटे तक की पार्किंग के लिए 15 रुपये देने होंगे जबकि ट्राइसिटी से बाहर के वाहन चालकों को हर स्लैब में दोगुना पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा। 

विज्ञापन


बैठक में पार्किंग के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी, हरदीप सिंह, कंवरजीत सिंह राणा समेत कई पार्षदों ने सुझाव दिए। पार्षदों के विरोध के बाद निजी कार के पहले चार घंटे के पार्किंग शुल्क के प्रस्ताव को 20 से घटाकर 15 और 8 घंटे के पार्किंग शुल्क को 25 से घटाकर 20 रुपये कर दिया गया। महीने के पास के शुल्क को भी 500 से घटाकर 300 रुपये और व्यवसायिक वाहनों के लिए पास के शुल्क को 1000 से घटाकर 800 रुपये कर दिया गया। 

कई पार्षदों ने एलांते माल और फन रिपब्लिक की पार्किंग के अधिक शुल्क को लेकर विरोध जताया। दोनों जगह पहले चार घंटे के लिए 90 रुपये और आठ घंटे के 150 रुपये तय किए गए थे। पार्षद गुरबख्श रावत ने कहा कोई फिल्म देखने जाएगा तो उसे फिल्म के टिकट से ज्यादा पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा। इसके बाद 20-20 रुपये कम कर इन दोनों जगह पार्किंग शुल्क को 70 और 130 रुपये कर दिया गया। सदन से यह प्रस्ताव पास होने के बाद नगर निगम की तरफ से टेंडर के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) बनाया जाएगा।

विज्ञापन

ट्राइसिटी के बाहर के लोगों को 30 से 260 रुपये तक देने पड़ेंगे

नगर निगम ने सभी पार्किंग स्थलों में ट्राइसिटी से बाहर की गाड़ियों पर दोगुनी पार्किंग फीस लगाई है। इन्हें 30 रुपये से लेकर 260 रुपये तक चुकाने होंगे। व्यावसायिक वाहन चालकों को 60 से 800 रुपये तक देने होंगे। नगद भुगतान पर 5 और 10 रुपये अतिरिक्त लिए जाएंगे। हालांकि बाहर की दोपहिया वाहनों की पार्किंग भी चंडीगढ़ में फ्री रहेगी। 

फास्टैग से पेमेंट समेत कई सुविधाएं

सदन की बैठक में आयुक्त आनिंदिता मित्रा की तरफ से बताया गया कि पार्किंग में स्मार्ट व्यवस्था होगी। ऑनलाइन पेमेंट को बढ़ावा दिया जाएगा। बूम बैरियर, फास्टैग से पेमेंट समेत कई सुविधाएं मिलेंगी। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर कंवलजीत राणा ने नगर निगम के कर्मचारियों को फ्री पार्किंग की सुविधा देने की बात कही, जिस पर आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने कहा कि नगर निगम में करीब 11000 कर्मचारी हैं, सभी का खर्चा नगर निगम नहीं उठा पाएगा। 

हरदीप सिंह ने कहा कि निगम कर्मचारियों का वेतन इतना कम नहीं है कि वह पार्किंग के पैसे न दे सकें। कांग्रेसी पार्षद गुरप्रीत सिंह ने कहा कि आरएफपी में सुनिश्चित किया जाए कि दोपहिया वाहनों की पार्किंग फ्री होने की वजह से ऐसा न हो कि उनकी जगह को कम कर दिया जाए। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों की फ्री पार्किंग का भी विरोध किया। कहा कि दाम बढ़ाकर मिडिल और लोअर मिडल क्लास को मारने का कार्य किया जा रहा है।
विज्ञापन

हरदीप सिंह ने फ्री पार्किंग का किया विरोध

अकाली दल के पार्षद हरदीप सिंह ने कहा कि नगर निगम को पार्किंग खुद चलानी चाहिए, क्योंकि वह पिछले काफी समय से खुद चला भी रहे हैं। फ्री की यह प्रथा शुरू नहीं की जानी चाहिए। कम पैसे में लोगों को अच्छी सुविधा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह कई साल से सदन में है। कई सालों से पार्किंग को स्मार्ट बनाने की सिर्फ बातें ही हो रही हैं।
 
                          पार्किंग फीस निजी कार + ऑटो
समय दाम
0- 10 मिनट निशुल्क
10 मिनट - चार घंटे 15 रुपये
चार घंटे - 8 घंटे 20 रुपये
8 घंटे - 24 घंटे  25 रुपये + 10 रुपये प्रति घंटे
दिन का पास (12 घंटे) 50 रुपये
मासिक पास 300 रुपये


                एलसीवी/मिनी बस/सर्विस जीप/कैब/टैक्सी 
समय   दाम
0- 10 मिनट कैब-टैक्सी-ऑटो के लिए निशुल्क  
10 मिनट - चार घंटे 30 रुपये
चार घंटे - 8 घंटे 35 रुपये
8 घंटे - 24 घंटे 35 रुपये + 15 रुपये प्रति घंटे
डे पास (12 घंटे)   100 रुपये
मासिक पास    800 रुपये


          एलांते मॉल और फन रिपब्लिक पार्किंग  (निजी कार के लिए)
समय  दाम
0 -  चार घंटे 70 रुपये
चार घंटे - 8 घंटे 130 रुपये
8 घंटे - 24 घंटे   150 रुपये + 20 रुपये प्रति घंटे


                एलसीवी/मिनी बस/सर्विस जीप/कैब/टैक्सी (व्यावसायिक)
समय    दाम
0 -  चार घंटे 250 रुपये
चार घंटे - 8 घंटे 400 रुपये
8 घंटे - 24 घंटे 400 रुपये + 30 रुपये प्रति घंटे
नोटः ट्राइसिटी से बाहर के वाहनों को सभी स्लैब से दोगुनी पार्किंग फीस देनी होगी
 

सदन ने सभी दोपहिया वाहन चालकों को मुफ्त पार्किंग का तोहफा दिया है। कारों की पार्किंग फीस में भी संशोधन कर दिया गया है। इससे सभी वर्गों के लोगों को बेहद कम दाम पर स्मार्ट पार्किंग की सुविधा मिलेगी। शहर के लिए यह बड़ा फैसला है। - अनूप गुप्ता, मेयर।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें