हादसे में जान गंवाने वाले सूरजवीर और मनदीप कौर की शादी दो महीने पहले ही हुई थी। हादसे में घायल मनवीर कौर कनाडा में रहती है और रिश्तेदार की शादी के लिए पंजाब आई थी। उसकी एक साल की बेटी की हादसे में मौत हो गई है।
मोगा के कस्बा बाघापुराना के गांव नाथूवाला गडबी के एक परिवार के चार लोगों की राजस्थान के श्रीगंगानगर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई है। एक महिला की हालत गंभीर है। मृतकों में एक साल की बच्ची भी शामिल है।
विज्ञापन
दो दिन पहले सारा परिवार किसी रिश्तेदार की शादी में राजस्थान के पदमपुर गया था। मंगलवार को पदमपुर से मोगा लौटते समय दोपहर करीब 12 बजे श्रीगंगानगर क्षेत्र में परिवार की कार को सामने से आ रही बस ने टक्कर मार दी। मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।
मृतकों के रिश्तेदार ने बताया कि दो दिन पहले सूरजवीर सिंह (31) पत्नी मनदीप कौर (28), मां कुलदीप कौर (55) बहन मनवीर कौर और मनवीर की बेटी वाणी के साथ अपनी बुआ के घर राजस्थान के पदमपुर शादी में गया था। मंगलवार को मोगा आते समय श्रीगंगानगर के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सूरजवीर सिंह, मनदीप कौर और कुलदीप कौर और एक साल की वाणी की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
सूरजवीर की बहन मनवीर कौर घायल हो गई। उसे श्रीगंगानगर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूरजवीर और मनदीप कौर की शादी दो महीने पहले ही हुई थी। वहीं मनवीर कौर कनाडा में रहती है और रिश्तेदार की शादी के लिए पंजाब आई थी।