पटियाला जेल से इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल लाए गए नशा तस्कर के फरार होने के मामले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया और जेल सुरक्षा के उप अधीक्षक (डीएसपी सुरक्षा) वरुण शर्मा और सहायक अधीक्षक एवं वारंट अफसर हरबंस सिंह समेत चार लोगों को निलंबित कर दिया है। अन्य मुलाजिमों में जेल वार्डर सतपाल सिंह व मनदीप सिंह का नाम शामिल हैं।
इसके साथ ही पटियाला जेल के अधीक्षक मनजीत सिंह टिवाना और जेल के सहायक अधीक्षक जगजीत सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि ऐेसे मामलों में किसी भी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को हिदायत दी है कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाए उसका उचित तरीके से पालन करें।
ड्यूटी के समय में किसी भी तरह की कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देदना गांव का रहने वाला अमरीक सिंह पटियाला जेल में सजा काट रहा था। करीब पांच दिन पहले उसे इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। यहां से वह मौका पाकर फरार हो गया। इस दौरान जेल स्टाफ की लापरवाही सामने आई थी। इतना ही नहीं कैदी को पटियाला जेल से राजिंदरा अस्पताल लाने के दौरान राज्य सरकार के निर्धारित नियमों का भी पालन नहीं किया गया जिसकी वजह से यह सारी स्थिति बनी।