हवाला के माध्यम से फंडिंग का शक
खुफिया एजेंसियों का मानना है कि अमृतपाल को हवाला के माध्यम से फंडिग हो रही है, क्योंकि विदेश से सीधे पैसे आने पर आज-कल काफी नजर रखी जा रही है। अमृतपाल के आसपास जमे रहने वाले लोगों और उसके सुरक्षाकर्मियों के बैंक खातों का लेनदेन भी जांचा जा रहा है। आईएसआई के कौन से सूत्र किन-किन देशों से अमृतपाल के नेटवर्क के सथ जुड़े हैं, इस पर भी एजेंसियों ने काम शुरू कर दिया है।
अमृतपाल के कार्यक्रमों में जाने वालों का भी जुटाया जा रहा डाटा
अमृतपाल सिंह के कार्यक्रमों में युवाओं की संख्या ज्यादा रहती है, इसलिए एजेंसियां ऐसे युवाओं की गतिविधियां और उनके पुराने संपर्कों का डाटा भी जुटा रही हैं, जो अक्सर उसके कार्यक्रमों में दिखते हैं।
हरियाणा के व्यापारी के नाम पर है मर्सिडीज गाड़ी
जिस मर्सिडीज गाड़ी में सवार होकर अमृतपाल अजनाला थाने तक पहुंचा था, वह गुरुग्राम (हरियाणा) के एक व्यापारी के नाम पंजीकृत है। गाड़ी के बारे में सवाल पूछने पर अमृतपाल ने कहा था कि यह गाड़ी उसे एक विदेशी श्रद्धालु ने गिफ्ट की है। हालांकि, अमृतपाल ने यह नहीं बताया कि किस विदेशी श्रद्धालु ने उसको गुरुग्राम के व्यापारी के नाम पर पंजीकृत गाड़ी भेंट की है। पहले उसने कहा था कि गाड़ी संगत की ओर से भेंट की है। एजेंसियां अब गाड़ी का चिट्ठा भी खंगाल रहीं हैं।