टिप्पर व कार की टक्कर में एक की मौत
उधर, नरोट जैमल सिंह-दीनानगर मार्ग पर कोलियां अड्डा के निकट खनन सामग्री ले जाने वाले एक टिप्पर व एक कार की टक्कर हो गई। इससे कार सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार में बैठा दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पठानकोट के सिविल अस्पताल भेजा गया। घटना देर रात करीब एक बजे की है।
मृतक की पहचान दलविंदर सिंह निवासी अबरोल नगर पठानकोट के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान नारायण सिंह निवासी गांव कोट भटीयां के रूप में हुई। दुर्घटना के बाद चालक टिप्पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना तारागढ़ के एएसआई बलविदर सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात कार सवार दो युवक नरोट जैमल सिंह की ओर से पठानकोट की तरफ जा रहे थे। गांव कोलिया के निकट सामने से आ रहे एक टिप्पर की कार से टक्कर हो गई। जिस समय दुर्घटना हुई उस समय धुंध बहुत ज्यादा थी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस नाका कथलौर पुल के मुलाजिम मौके पर पहुंचे और कार से युवकों को बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क हादसों में दो की मौत
होशियारपुर में सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक राजिंदर सिंह निवासी टूटोमजारा ने थाना गढ़शंकर की पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया कि उसका भाई हरविंदर सिंह एक मोबाइल रिपेयर की दुकान पर कार्यरत है। उसने बताया कि जब उसका भाई घर आ रहा था तो किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया, जिसके चलते हरविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
गढ़शंकर की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जबकि अहिराना कलां के निवासी राम लुभाया ने मॉडल टाउन की पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया कि उसका भांजा हरजिंदर सिंह उर्फ राजा निवासी अहिराना खुर्द अपने दोस्त धीरज कुमार के साथ बाइक पर था। एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। उसने बताया कि हरजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धीरज कुमार घायल हो गया। उसने बताया कि घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।