चंडीगढ़। लंबे इंतजार के बाद वीरवार को पांच और इलेक्ट्रिक बसें चंडीगढ़ पहुंच गईं। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार 13 नवंबर को प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित इन बसों को हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके लिए परिवहन विभाग की तरफ से तैयारियां की जा रही हैं। इन बसों में 36 लोगों के बैठने की जगह है और अधिकतम एक समय में 54 लोग सफर कर सकेंगे। एक बार चार्ज होने के बाद बस करीब 140 किलोमीटर चलेगी। एक दिन में बस 200 से 300 किमी तक चलेगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बसों की अगली खेप में 19 बसें 15 नवंबर तक और सभी 40 बसें दिसंबर महीने के आखिर तक पहुंचेंगी। इसके बाद अगले साल तक अतिरिक्त 40 ई-बसें आ जाएंगी। इसके लिए प्रशासन की तरफ से टेंडर भी जारी कर दिया है। पहली 40 बसों केलिए अशोक लेलैंड कंपनी से करार हुआ है।