सिटी ब्यूटीफुल का हार्ट कहे जाने वाले सेक्टर-17 में शुक्रवार को हुनर हाट मेले का आगाज हो गया। हालांकि औपचारिक उद्घाटन शनिवार को होगा। केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय की तरफ से आयोजित इस मेले में देश के 31 राज्यों व यूटी के 720 से अधिक हुनरबाजों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। इस दौरान लोगों का मनोरंजन करने के लिए रोजाना सर्कस शो भी हो रहा है।
शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हुनर हॉट मेले का दौरा किया। उन्होंने प्रदर्शनी में शामिल हुरनबाजों से बातचीत करने के साथ-साथ लजीज व्यंजनों का भी स्वाद लिया। शनिवार को चंडीगढ़ प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकली भी मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि परेड ग्राउंड में पहली बार इस हुनर हाट मेले का आयोजन किया जा रहा है। यहां रोजाना दिन में तीन सर्कस के शो हो रहे हैं। लोग मुफ्त में इसका आनंद ले रहे हैं। इसके अलावा मेले में एंट्री भी फ्री रखी गई है।
3 अप्रैल 2022 तक चलने वाले हुनर हाट में दस्तकार, शिल्पकार और कारीगर हिस्सा ले रहे हैं। यहां बावर्चीखाना सेक्शन में लोग देश के विभिन्न क्षेत्रों के परंपरागत व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा मेरा गांव-मेरा देश, विश्वकर्मा वाटिका, प्रतिदिन होने वाले सर्कस, महाभारत का मंचन, प्रसिद्ध कलाकारों के गीत-संगीत के कार्यक्रम, सेल्फी प्वाइंट्स आदि प्रमुख आकर्षण हैं।
चंडीगढ़ हुनर हाट में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली, रहे हैं। नागालैंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, बिहार, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों व यूटी के कारीगर अपने साथ हस्तनिर्मित उत्पाद लेकर आए हैं। आने वाले दिनों में हुनर हाट का आयोजन पुणे, अहमदाबाद, भोपाल, पटना, मुंबई, जम्मू, चेन्नई, आगरा, प्रयागराज, गोवा, जयपुर, बेंगलुरु, कोटा, सिक्किम, श्रीनगर, लेह, शिलांग, रांची, अगरतला व अन्य स्थानों पर भी होगा।
पंकज उधास, सुरेश वाडेकर, अल्ताफ राजा समेत कई गायक देंगे प्रस्तुति
10 दिवसीय चंडीगढ़ हुनर हाट में पंकज उधास, सुरेश वाडेकर, अमित कुमार, सुदेश भोंसले, कविता पोडवाल, अल्ताफ राजा, रेखा राज, भूपिंदर सिंह भुप्पी, शिबानी कश्यप, अंकिता पाठक, भूमि त्रिवेदी, जसबीर जस्सी, उपासना सिंह, अनिल भट्ट, शैलेंद्र सिंह, नूरां सिस्टर्स, भूमिका मलिक, प्रिया मलिक, सायरा खान, विवेक मिश्रा, सिद्धांत भोंसले प्रस्तुति देंगे।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हुनर हाट अनेकता में एकता एवं सर्वधर्म समभाव का बेहतरीन उदाहरण है। मंत्रालय की ओर से चंडीगढ़ में 39वां हुनर हाट आयोजित किया जा रहा है। पिछले सात वर्षों में हुनर हाट के माध्यम से 8 लाख 50 हजार से ज्यादा दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों को रोजगार और रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक महिला कारीगर शामिल हैं।