केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी
- फोटो : अमर उजाला
कश्मीर फाइल्स को लेकर इन दिनों सियासत चरम पर है। बीते दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में कश्मीर फाइल्स के प्रचार को लेकर भाजपा पर करारे प्रहार किए, जिसका जवाब अब केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने दिया। केजरीवाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चोट कहीं लग रही है, चीख कहीं निकल रही है। कुछ तो गड़बड़ है।
केंद्रीय मंत्री ने चंडीगढ़ के सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि कश्मीर फाइल्स फिल्म के जरिए कश्मीर के गुनहगारों की फाइल एक बार फिर से खुल गई है। कश्मीरी पंडितों की घर वापसी होनी चाहिए और अब होगी भी। इसके लिए वह उनके साथ हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कश्मीर में जुल्म और जुर्म दोनों हुआ है। ऐसे ही कोई अपना घर छोड़कर नहीं जाता है।
उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर बयान पर कहा कि चोट कहीं लगी है और चीख कहीं और से निकल रही है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है लेकिन फिर भी उनके बयान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कुछ गड़बड़ जरूर है, तभी वह इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।
नकवी ने माना- महंगाई बढ़ी लेकिन इसके कारण बाहरी
नकवी ने कहा कि देश में महंगाई जरूर बढ़ी है लेकिन इसके कारण बाहरी हैं। कहा कि रूस और यूक्रेन युद्ध का असर पूरी दुनिया पर ही पड़ा है। अमेरिका से लेकर ब्रिटेन तक सभी जगह पेट्रोलियम पदार्थों के दाम 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़े हैं। जिन देशों से उन्हें कच्चा तेल मिल रहा है, वहां पर भी ऐसा ही हाल है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत उन देशों के मुकाबले फिर भी सही है।
उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते दो साल में सभी देशों की अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव रहा। कई देशों में नागरिकों के खाने-पीने की दिक्कत तक हो गई है लेकिन भारत में फिर भी केंद्र सरकार की नीतियों के कारण हालात ठीक रहे और यहां ऐसा कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने के प्रयास को अच्छा कदम बताया।