सेक्टर- 46 स्थित हरियाणा स्टोर सुपर मार्केट के ग्राउंड फ्लोर में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। शोरूम से धुआं निकलता देख लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तीन घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। दो करोड़ से ज्यादा का नुकसान बताया जा रहा है।
शुक्रवार सुबह 8.40 बजे दमकल टीम को सूचना मिली कि सेक्टर 46सी मार्केट स्थित एससीओ नंबर 79 के हरियाणा स्टोर सुपर मार्केट में आग लगी है। सेक्टर- 32 स्टेशन फायर ऑफिसर लाल बहादुर की अगुवाई में फायरकर्मी गाड़ियां लेकर पहुंचे। शोरूम के ग्राउंड फ्लोर पर आग की लपटें बाहर आ रही थीं।
फायरकर्मियों ने बिल्डिंग के अगले और पिछले हिस्से की तरफ से कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग को काबू पाया। फिर पता चला कि बेसमेंट में भी आग लगी है। बेसमेंट की आग बुझाने के लिए ग्राउंडफ्लोर का फर्श तोड़ना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुक्र रहा आग अगल-बगल की दुकानों में नहीं फैली, नहीं तो दृश्य भयावह हो सकता था।
नुकसान से सदमे में शोरूम संचालक
आग बुझाने के लिए सेक्टर- 38, 32,17, 38 और रामदरबार से दमकल की करीब 10 गाड़ियां पहुंचीं थीं। डिपार्टमेंटल स्टोर में किराना, गिफ्ट, प्लास्टिक, फ्रिज, काउंटर, अलमारी समेत अन्य कीमती सामान जल गया। आग रात तक सुलगती रही। शोरूम के संचालक समेत उनके परिवार का रो रोकर बुरा हाल था। आग से हुए नुकसान से लगे सदमे के कारण वह कुछ बताने की स्थिति में भी नहीं थे।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है। आग इतनी भीषण थी कि बेसमेंट का फर्श तोड़ना पड़ा।
-लाल बहादुर, सेक्टर 32 स्टेशन फायर ऑफिसर