चंडीगढ़ के मक्खनमाजरा में स्थित कबाड़ी मार्केट में वीरवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि मार्केट की कई दुकानों को चपेट में ले लिया। इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचीं 6 से 7 दमकल गाड़ियां देर रात तक आग बुझाने में जुटी रहीं।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात करीब 11 बजे दमकल विभाग को हल्लोमाजरा स्थित कबाड़ी मार्केट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1, मनीमाजरा, सेक्टर-17 और सेक्टर-32 फायर स्टेशन से गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
रामदरबार फायर स्टेशन के सब फायर ऑफिसर जगदीप सिंह और मनीमाजरा फायर स्टेशन से दिलीप सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। आग कबाड़ी मार्केट स्थित एक दुकान से शुरू हुई। देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों को चपेट में ले लिया।
दुकान में भारी मात्रा में गत्ता, पेपर, प्लास्टिक, टीन शेड समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के चलते आग भड़क उठी। खबर लिखे जाने तक दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया था, लेकिन गत्ता और पेपर की वजह से आग बार-बार भड़क रही थी। फिलहाल, आग लगने के सही कारणों का पता नहीं लग सका है।
बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट-सर्किट के चलते लगी है। बता दें कि इससे पहले भी कबाड़ी मार्केट में कई बार भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हो चुका है।