यमुनानगर के जगाधरी स्थित मटका चौक पर बुधवार तड़के तीन बजे एक हार्डवेयर की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पाते ही दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब कुछ जल कर स्वाहा हो चुका था।
पड़ोसियों ने दी आग लगने की सूचना
जगाधरी के मटका चौक स्थित भाटिया हार्डवेयर की दुकान में अचानक सुबह करीब तीन बजे आग लग गई। आग लगने की जानकारी पड़ोस में रहने वाले लोगों को जब हुई तो उन्होंने तुरंत दुकान के मालिक को सूचना दी। दमकल के कर्मचारियों को भी सूचित किया गया। हालांकि दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था लेकिन सुबह आठ बजे तक धुआं लगातार उठता रहा।
दुकान में पड़ा सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया है। दुकान मालिक के अनुसार आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि प्राथमिक तौर पर शार्ट सर्किट से ही आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाते वक्त दुकान के अंदर एक ब्लास्ट भी हुआ, जिससे पड़ोस की दुकान के शीशे भी टूट गए है। फिलहाल फायर कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है।