फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संपत्ति को लीज से फ्री होल्ड करने के लिए लड़े, सदन में एजेंडा रद्द

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। नगर निगम ने अपनी लीज होल्ड संपत्ति को फ्री होल्ड या अन्य तरीके से बेचने का प्रस्ताव सदन के सामने रखा लेकिन पार्षदों की आपसी खींचतान में एजेंडे को रद्द कर दिया गया। वोटिंग के दौरान 17 पार्षद इसके विरोध में रहे जबकि 16 ने सहमति जताई। मकानों की मरम्मत और गिराने व ढहाने के दौरान निकलने वाले मलबे को उठवाने व निस्तारण पर भी सहमति नहीं बन सकी। इसके लिए वोटिंग में 12 पार्षद पक्ष में रहे तो 19 ने विरोध जताया।
विज्ञापन

निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने बताया कि प्रशासन की ओर से आवासीय संपत्ति को तो लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने की अनुमति थी, लेकिन व्यावसायिक संपत्ति के लिए यह नियम नहीं था। वर्ष 2019 में सदन ने एक प्रस्ताव बनाकर प्रशासन को भेजा। उसमें बताया गया था कि निगम की काफी संपत्ति बेकार पड़ी है क्योंकि उसे लीज होल्ड पर ही दिया जा सकता है इसलिए फ्री होल्ड करने की अनुमति दी जाए। इसकी प्रशासन से अनुमति मिल चुकी है। अब इसे किराए पर देना है या फ्री होल्ड करना है, इसका अधिकार निगम के पास है। हाउसिंग बोर्ड ने इस व्यवस्था से काफी राजस्व प्राप्त किया है, इसलिए इस प्रस्ताव को सदन के सामने रखा गया है।
निगम के अनुसार अभी विकास नगर में 105 बूथ, सेक्टर-17 में न्यू ओवरब्रिज के नीचे 40 बूथ, मौलीजागरां में 18 बूथ, सेक्टर 39डी में बूथ, मनीमजारा में अस्पताल के लिए साइट और 20 एससीएफ खाली पड़े हैं।
विज्ञापन

दूसरी ओर निगम ने सदन के सामने मकानों की मरम्मत और गिराने व ढहाने के दौरान निकलने वाले मलबे को उठाने के लिए प्रस्ताव रखा। इसमें सीएंडडी वेस्ट प्लांट से 5 किमी दूरी तक प्रति ट्रिप एक टिप्पर का एक हजार रुपये और उसके आगे प्रति किमी 100 रुपये लेने का प्रस्ताव रखा। पार्षदों ने कहा कि इसे कम करें, लेकिन सदन ने वोटिंग के बाद इस प्रस्ताव को रद्द कर दिया।
गायों के लिए हो फाइव स्टार व्यवस्था : जोशी
सदन में रायपुरकलां में बनी गोशाला में पब्लिक हेल्थ, फायर फाइटिंग सिस्टम, सैलो ट्यूबवेल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, गोबर गैस प्लांट लगाने का प्रस्ताव लाया गया। इस पर भाजपा पार्षद सौरभ जोशी ने कहा कि गाय स्वयं के लिए सुविधाओं की मांग नहीं कर सकती है, उसके लिए हमें ध्यान देना होगा। हमें फाइव स्टार सुविधा भी देनी पड़े तो पीछे नहीं हटना चाहिए। अकाली पार्षद हरदीप सिंह ने कहा कि पहले कार्यों को पूरा करके दिखाएं तब आगे के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह ने कहा कि इससे पहले सदन में उन्होंने गोशालाओं की दशा पर मुद्दा उठाया था, उस पर आज तक विचार नहीं हुआ। वोटिंग में 19 पार्षदों ने इसके विरोध और 12 ने पक्ष में मत देकर प्रस्ताव को खारिज कर दिया। सदन में पहली बार चेन डोजर किराए पर लेने के प्रस्ताव पर भी वोटिंग हुई। इसमें 18 पार्षदों ने इसके विरोध तो 13 ने समर्थन जताया।
सुखना चो में ही जाएगा सीवर का पानी
निगम ने एक प्रस्ताव रखा कि रायपुरखुर्द में स्थित दत्ता कॉलोनी के सीवर का पानी पाइप लाइन में डालकर एसटीपी तक ले जाना है। इसके लिए एनजीटी के सख्त निर्देश हैं। पार्षदों ने इस पर भी वोटिंग करवा दी। 18 पार्षदों ने इसके विरोध तो 16 ने इसके समर्थन में मत दिया। कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह और गुरचरनजीत सिंह इस मामले में भाजपा के पक्ष में रहे।
खुले में मांस बेचने वालों पर निगम सीपीसीसी के साथ मिलकर करेगा कार्रवाई
बैठक में शिरोमणि अकाली दल के पार्षद हरदीप सिंह ने सेक्टर-42 की फिश मार्केट का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि फिश मार्केट के बाहर खुले में मांस बेचा जा रहा है। इस पर अतिरिक्त आयुक्त रूपेश अग्रवाल ने कहा कि हाल ही में वहां छापेमारी कर 14 चालान किए हैं। दूसरे पार्षदों ने भी यह समस्या सदन में उठाई तो आयुक्त ने कहा कि निगम और चंडीगढ़ पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (सीपीसीसी) मिलकर कार्रवाई करे। जहां पुलिस की जरूरत हो वहां मदद ली जाए। वहीं शहर में निगम की भूमि पर अतिक्रमण को लेकर आयुक्त ने एसई बीएंडआर को कार्रवाई के लिए कहा।
सड़क खोदने वालों के खिलाफ भी सख्ती की तैयारी
सदन में एक बार फिर सड़क खोदने और वाटर स्टोर्म के पाइपों में केबल डालने का मामला उठा। एसई बीएंडआर ने कहा कि एक जगह की शिकायत मिली थी वहां केबल हटवा दी है। इस दौरान अन्य पार्षदों ने भी मुद्दा उठाया तो आयुक्त ने कहा कि इस संबंध में कानूनी सलाह लें। उसके बाद नियमों को तोड़ने वाली कंपनी या ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें