चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय में चल रही ऑनलाइन पढ़ाई के फीडबैक छात्रों की ओर से मिलने लगे हैं। कुछ छात्रों ने ऑनलाइन फीडबैक दिए हैं तो कुछ ने ऑफलाइन भेजे हैं। इनमें क्या लिखा गया है, इनकी जांच संबंधित विभाग कर रहे हैं। कुछ ही विभागों के छात्र इस मामले में सक्रिय हैं। जानकारों का कहना है कि विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक करना होगा।
नैक की टीम ने 2015 में पीयू का दौरा किया था। उस दौरान टीम ने पाया था कि विभागों में चल रही पढ़ाई का विद्यार्थियों से कोई फीडबैक नहीं लिया जा रहा है। टीम ने इस पर नाराजगी जाहिर की और इस प्रक्रिया को शुरू करने को कहा गया। टीम के जाने के बाद प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन बाद में यह धीरे-धीरे बंद हो गई। कोरोना काल में इसके लिए फार्म ऑनलाइन उपलब्ध नहीं थे जो अब तैयार करके वेबसाइट पर डाल दिए गए, जिसे अब विद्यार्थी भर रहे हैं। विज्ञान व प्रोफेशनल कोर्स से जुड़े विद्यार्थी फीडबैक दे रहे हैं कि पढ़ा रहे शिक्षक की प्रणाली से वे कितने संतुष्ट हैं और शिक्षकों से कोई शिकायत तो नहीं। फार्म में जो सवाल दिए गए हैं, उसी के मुताबिक वे फीडबैक दे रहे हैं। पीयू खुश है कि ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत छात्र इसमें हिस्सा ले रहे हैं।