चंडीगढ़ में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मनीमाजरा के पार्क और गलियों में कुत्ते झुंड बनाकर घूमते हैं। कुत्तों के खौफ से लोग बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं। वहीं अब यह डर जानलेवा भी होने लगा है।
मनीमाजरा के चूड़ियां वाला मोहल्ला स्थित मकान नंबर 1470/2 की रहने वाली 10 साल की जसमीत कौर अपने घर के पीछे पार्क में दोपहर करीब ढाई बजे खेल रही थी। इतने में सात-आठ कुत्तों का झुंड उसके पास आया और आपस में झड़प करने लगे। बच्ची कुत्तों के बीच में फंस गई और सहम कर गिर गई।
यह भी पढ़ें: Murder in Muktsar: मामूली तकरार के बाद युवक को गोली से उड़ाया, मुक्तसर में देर रात हुई वारदात
बच्ची के पिता हरदेव सिंह उसे मनीमाजरा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जसमीत के पिता का कहना है कि उनकी बेटी इतनी सहम गई थी कि उसकी सांस फूल गई और इस वजह से उसकी मौत हो गई। जसमीत वाटिका पब्लिक स्कूल सेक्टर 19 चंडीगढ़ में तीसरी कक्षा की छात्रा थी।
घटना 16 दिसंबर की है लेकिन इलाके के लोगों को अब इस घटना के बारे में पता चला। इसे लेकर लोगों में भारी रोष है। मोहल्ले में रहने वाले प्रदेश कांग्रेस के सचिव संजय भजनी का कहना है कि मनीमाजरा का सबसे बड़ा शिवालिक पार्क 20 एकड़ में बना हुआ, वहां भी कम से कम 25-30 कुत्तों का झुंड घूमता रहता है। बहुत सी महिलाएं और बच्चे कुत्तों का शिकार भी हो चुके हैं। मोहल्ले में चौक चौराहों में घूमने वाले कुत्तों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। निगम इन कुत्तों के खिलाफ कोई उचित प्रबंध नहीं कर रहा है। निगम टीम उनको टीका लगाकर फिर वहीं छोड़ जाती है, और ये लोगों के लिए खतरनाक बनते जा रहे हैं।