रिफाइंड व नकली दूध बनाने का सामान बरामद
सेहत विभाग ने पकड़े 278 टीन रिफाइंड, दूध बनाने की सामान बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
संगरूर। दिड़बा में आइस फैक्टरी की आड़ में नकली रिफाइंड व दूध बनाने के गौरखधंधे का पर्दाफाश हुआ है। सेहत विभाग की टीम ने आइस फैक्टरी से बड़ी तादाद में नकली रिफाइंड व दूध बनाने वाला सामान बरामद किया है। साथ ही उक्त सामान के नमूने जांच के लिए भेजते हुए फिलहाल फैक्टरी को सील कर दिया गया।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दिड़बा में कौहरियां रोड पर स्थित एक आइस फैक्टरी पर छापामारी की और मौके से भारी मात्रा में रिफाइंड और दूध से बने उत्पाद बरामद किए गए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें इस संबंधी काफी शिकायतें मिल रही थीं और पुख्ता सूचना के आधार पर आइस फैक्टरी पर छापे मारकर 278 टीन रिफाइंड, 70 खाली टीन, 13 पैकेट स्किम्ड मिल्क पाउडर और दूध तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले सौरवीटोल नाम के पदार्थ को करीब 100 लीटर मात्रा में बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि ये पदार्थ सिंगला मिल्क सेंटर, गामडी रोड दिडबा में तैयार किए जा रहे थे और हरि ओम आइस फैक्टरी में भंडारण किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन सभी पदार्थों के सैंपल ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए खरड़ लैब में भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पदार्थों के नमूने लेने के बाद इस आइस फैक्टरी को सील कर दिया गया है।
फोटो:17एसजीआरपी01: दिड़बा में आइस फैक्टरी में जांच करते सेहत विभाग के अधिकारी। संवाद