सिलिंडर विस्फोट में झुलसे बच्चे।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नाभा के करतारपुर मोहल्ले में शुक्रवार को अफरा-तफरी मच गई। यहां एक घरेलू गैस सिलिंडर के रेगुलेटर से लीकेज की वजह से धमाका हो गया। इस हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए। सभी को तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया। घर के मालिक इकबाल सिंह के मुताबिक यह सिलिंडर गुरुवार को ही उनके घर में गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने दिया था।
शुक्रवार सुबह पुराना गैस सिलिंडर खत्म हो गया। इसके बाद चाय बनाने को नया सिलिंडर लगाया। इसी बीच रेगुलेटर से गैस लीकेज होने की वजह से धमाका हो गया। हादसे में इकबाल सिंह की पत्नी गुरविंदर कौर (57), बेटा विक्रमजीत सिंह (37), विक्रमजीत सिंह की पत्नी रिनी कौर (35), रणविजय सिंह (8) और जपलीन कौर (9) झुलस गए।
जानकारी के मुताबिक जपलीन कौर घर के मालिक इकबाल सिंह की दोहती है। वह इन दिनों गर्मी की छुट्टियों में मोगा से अपने ननिहाल आई थी। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे रसोई में पानी पीने गए थे और इसी बीच यह धमाका हो गया। उस समय गुरविंदर कौर व उनकी बहू रिनी कौर रसोई में नाश्ता तैयार कर रही थीं। परिवार वालों की मांग है कि गैस एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, क्योंकि सिलिंडर की सील पहले से ही लीक हो रही थी। एजेंसी का कर्तव्य बनता था कि सिलिंडर को चेक करके सप्लाई करते लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने गैस एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने की मांग की।