चंडीगढ़। एस्टेट ऑफिस फ्री होल्ड पर चार नर्सिंग होम साइट की ई-नीलामी करने जा रहा है। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है जो 10 मार्च को शाम पांच बजे तक चलेगी। इसके बाद 13 मार्च से बोली लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। चारों नर्सिंग होम साइट्स सेक्टर-33सी में हैं, जिनका क्षेत्रफल 744.44 वर्ग गज है। नीलामी साइट का आरक्षित मूल्य 18.25 करोड़ रुपये रखा गया है। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए सभी को करीब 36.51 लाख रुपये बयाना राशि के रूप में जमा करवानी होगी। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए 10 मार्च शाम 5:00 बजे तक दस्तावेज और बयाना राशि को जमा करवाना होगा। इसके बाद 11 मार्च को सुबह 9:00 बजे से लेकर 12 मार्च शाम 5:00 बजे तक दस्तावेजों की जांच की जाएगी और बयाना राशि को मंजूर करने की प्रक्रिया चलेगी। 13 मार्च सुबह 9:00 बजे से लेकर 15 मार्च सुबह 11:00 बजे तक बोली लगाई जा सकेगी जो भी व्यक्ति जिस साइट के लिए सबसे ज्यादा राशि की बोली लगाएगा, उसे वह बेच दी जाएगी। एस्टेट ऑफिस की वेबसाइट पर बोली से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई है।
बोली दाताओं की मदद के लिए बनाई हेल्पडेस्क
बोली दाताओं की मदद के लिए सेक्टर-17 स्थित एस्टेट ऑफिस के तीसरे फ्लोर पर एक हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। यहां जो भी बोली लगाने को इच्छुक हैं, उन्हें सभी तरह की जानकारी दी जा रही है और प्रक्रिया को समझाने में भी मदद की जा रही है। इसके अलावा किसी भी नियम व शर्तो से संबंधित किसी तरह की जानकारी के लिए 0172-5046634 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसी तरह की तकनीकी मदद के लिए 9888736316 पर भी संपर्क कर सकते हैं।