चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में शताब्दी समारोह की कड़ी में पहला इंटरप्रेन्योरशिप फेस्टिवल ई-समिट का शनिवार को उद्घाटन हुआ। इसका उद्घाटन पेक निदेशक डॉ. बलदेव सेतिया ने किया। ई-समिट की जानकारी इंटरप्रेन्योरशिप इंक्यूबेशन सेल के सचिव प्रज्ज्वल रावत ने दी। यह कार्यक्रम ईआईसी की ओर से सीआईआई और चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से करवाया जा रहा है। इसका अमर उजाला मीडिया पार्टनर है। पहले दिन के कार्यक्रम में कई युवाओं ने अपने स्टार्टअप का प्रदर्शन किया। युवाओं ने आर्गेनिक चीजों के इस्तेमाल और कचरे का दोबारा उपयोग कर वस्तुओं और प्रोडक्ट बनाए हुए हैं। युवाओं ने इन्हें स्टॉल के माध्यम से कार्यक्रम में प्रदर्शित किया।
फंडिंग कंक्लेव में 10 टीमों ने रखे विचार
फंडिंग कॉन्क्लेव कार्यक्रम में 10 युवाओं की टीमों ने अपने स्टार्टअप विचार को उद्यमियों के समक्ष रखा और फंड के लिए मांग की। इसमें इंदस वैली डिजीटल प्राइवेट लिमिटेड, ट्रिपसेरो प्राइवेट लिमिटेड, त्रावजो, बी बाउंडलेस/ द एडवेंचर स्पोर्ट, कोरसिम, क्युरिओ, ग्लोबल नेटवर्क/बड्डी होम, चेपरोन प्लांट्स, हेयरजी आदि टीमों ने विचार रखे। इसमें अधिकांश के डिजिटल एप्लीकेशन थी जो लोगों को सुविधाएं प्रदान करने को लेकर विषय में थीं।
वेस्ट बालों से बनाया पौधों के लिए स्प्रे
पंजाब यूनिवर्सिटी के यूआईईटी के दूसरे वर्ष के छात्र कनिष्क और चौथे वर्ष के छात्र रजत मित्तल ने वेस्ट बालों से पौधों के लिए स्प्रे बनाया है। जो पौधों के लिए नाइट्रोजन और फास्फोरस प्रोडेक्ट के तौर पर काम करेगा। इसके लिए दोनों युवा नाई की दुकान से वेस्ट बाल लेते हैं और उससे स्प्रे तैयार करते हैं। छात्रों ने बताया कि बालों में कैरिटन होता है, जो पौधों के लिए आवश्यक पोषित तत्व के रूप में काम करता है।
पिता से सीखी बर्तन बनाने की कला, अब शुरू किया बिजनेस
पंचकूला की अमरजीत कौर के पिता कुम्हार हैं, लेकिन बदलते परिवेश के कारण मिट्टी के बर्तन खरीदने और मिट्टी के सजावटी सामानों का चलन कम होता गया और कला लुप्त होने लगी है। अमरजीत ने बताया पिता से बर्तन बनाने सीखे और डिजिटल मीडिया के सहारे और प्रदर्शनियों में हिस्सा लेकर ट्राइसिटी में मिट्टी के बर्तन इस्तेमाल करने और मिट्टी के गमले इस्तेमाल करने के लिए लोगों को जागरूक कर रही हूं। रसोई के सभी बर्तन और सजावटी सामान तैयार करती हूं।
पुरुषों के लिए तैयार किए आर्गेनिक ब्यूटी प्रोडेक्ट
गुरुग्राम के नवीन सिंगला ने बताया कि 2019 में मार्केटिंग की नौकरी छोड़ी और अपना स्टार्टअप करने का सोचा। बाजार में पुरुषों के लिए आर्गेनिक ब्यूटी प्रोडक्ट की बहुत कमी थी। इसी विषय पर काम करने का सोचा। डेढ़ साल पहले प्रोडेक्ट को लांच किया, अब तक 70 लाख के करीब रिवेन्यू मिला है। पुरुषों के हेयरस्टाइल के लिए अलग अलग साइज के लकड़ी के कंघे, फेस, हेयर और बॉडी के लिए सभी प्रोडेक्ट आर्गेनिक तरीके से बनाए जा रहे हैं। हर प्रोडेक्ट को अलग अलग तरह की चमड़ी पर पहले टेस्ट किया जाता है।