2022 में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग चौण मित्रों की तैनाती करने जा रहा है। ये चौण मित्र 50 घरों के वोटरों को वोट देने के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को वोट देने में सहायता करेंगे। इसके लिए आयोग की ओर से जिला चुनाव अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पंजाब डॉ. एस करुणा राजू ने उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) को मतदाताओं की सुविधा के लिए संबंधित जिलों में अपने स्तर पर चौण मित्र नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
सीईओ पंजाब ने सभी डीईओ को लिखे अपने पत्र में कहा है कि चौण मित्र जोकि बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) के सहायक के तौर पर काम करेगा, के पास कम से कम 50 घरों की जिम्मेदारी होगी। चौण मित्र यह सुनिश्चित बनाएंगे कि मनोनीत घरों का प्रत्येक योग्य सदस्य मतदाता के रूप में पंजीकृत हो और यह भी सुनिश्चित बनाएगा कि वह अपने वोट का प्रयोग करें।
डॉ. राजू ने कहा कि इसके अलावा चौण मित्र नैतिक मतदान को प्रोत्साहित करेंगे और मतदाताओं खासकर बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों (पीडब्ल्यूडी) मतदाताओं की सहायता करेंगे। उन्होंने बताया कि चौण मित्रों को विशेष कैप और आईडी कार्ड दिए जाएंगे।
इस दौरान व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तर पर कई गतिविधियां करवाई जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के अधिकार के बारे में जागरूक किया जा सके। गतिविधियों में गुरुद्वारों के द्वारा डिप्टी कमिश्नर का संदेश, गांवों और पोलिंग स्टेशनों के क्षेत्रों में ट्रैक्टर रैलियां, विद्यार्थी रैलियां, ह्यूमन चेंज, एनएसएस, एनसीसी, एनजीओ अन्य वॉलंटियरों द्वारा नुक्कड़ नाटक या स्ट्रीट स्किट, ईवीएम और वीवीपीएटी जागरूकता गतिविधियों, प्रमुख शख्सियतों की सहायता लेना और बूथ चुनावी साक्षरता आदि शामिल हैं।
सर्वश्रेष्ठ तीन चौण मित्र होंगे पुरस्कृत
चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ तीन चौण मित्रों को सम्मानित किया जाएगा। पहला स्थान पाने वाले चौण मित्र को 10 हजार, दूसरा स्थान पाने वालों को 7500 और तीसरा स्थान वाले को 5000 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।