भोला ड्रग तस्करी मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को समन जारी करने वाले ईडी के डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। इसकी पुष्टि ईडी के उच्चाधिकारियों ने की है। निरंजन सिंह ने बीते दिन अपने पद से इस्तीफा देते हुए आरोप लगाया था कि ड्रग तस्करी मामले की जांच में उनके अधीन तैनात किया गया एक अधिकारी कार्रवाई को आगे नहीं बढ़ने दे रहा और बीमारी का हवाला देते हुए लंबे अवकाश पर चला गया है।
उनका यह भी आरोप था कि इस मामले की जांच के दौरान उन्हें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां दी जा रही हैं और उन पर दबाव बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि बादल सरकार के समय उनके द्वारा भोला ड्रग केस की जांच में सूबे के ही मंत्री को समन किए जाने के कारण सरकार उनके खिलाफ हो गई थी। उनका कोलकाता तबादला किया गया, जिसे हाईकोर्ट ने निरस्त कर उन्हें जांच के काम में लगाए रखा।
निरंजन सिंह ने अदालत में बताया था कि उनके द्वारा की गई जांच के आधार पर न तो किसी आरोपी की संपत्ति जब्त की गई है और न ही किसी की गवाही दर्ज की गई। शुक्रवार को निरंजन सिंह ने बिना कोई कारण बताए अपने विभाग को ई-मेल भेजकर ड्यूटी जारी रखने की अपील की है।