कारोबारियों के निवास व गोदामों में अचानक रेड के दौरान निवास पर मौजूद लोगों के मोबाइल को टीम ने कब्जे में लिया और गोदामों को सील कर दिया गया। किसी को बाहर या अंदर जाने की इजाजत नहीं थी। उनके मोबाइल, फाइल्स, कंप्यूटर की हार्ड सीडी व अन्य दस्तावेज टीम ने जब्त किए हैं। निवास व गोदामों में किसी को मोबाइल के जरिये बातचीत नहीं करने दी गई। देर शाम तक जांच जारी थी। इस बीच ईडी के अधिकारियों ने मीडिया से बात नहीं की और न ही जानकारी दी। बताया जा रहा है आने वाले दिनों में अन्य शराब कारोबारियों पर कार्रवाई हो सकती है।
मानसा में भी छापा, चार घंटे पूछताछ के बाद अकाउंटेंट को ले गई टीम
ईडी की टीम ने शराब कारोबारियों के घरों व दफ्तरों में दबिश दी। जानकारी के अनुसार शहर के लिंक रोड पर स्थित एक अकाउंटेंट राज कुमार के घर रेड की गई। इस दौरान ईडी ने उससे शराब के कारोबार को लेकर करीब चार घंटे तक पूछताछ की और उसके बाद उसे अपने साथ ले गई। जिसकी पुष्टि खुद राजकुमार ने की गई है। राज कुमार बठिंडा स्थित शराब कारोबारी के यहां अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि ईडी ने पूछताछ के दौरान वहां से कुछ दस्तावेजों को कब्जे में लिया है। ईडी की टीम में शामिल आधा दर्जन अधिकारियों और कर्मचारियों ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया गया है।