आरोपी ई-रिक्शा चालक और पीछे सड़क पर गिरा इंस्पेक्टर।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
चंडीगढ़ के ट्रांसपोर्ट एरिया सेक्टर-26 में वाहनों की जांच कर रहे मोटर व्हिकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) रविंद्र सिंह को एक ई-रिक्शा चालक ने टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। आरोपी रिक्शा चालक उनके ऊपर ई-रिक्शा चढ़ाकर मौके से फरार हो गया।
घायल एमवीआई रविंद्र सिंह को पहले जीएमएसएच-16 ले जाया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां उनके सिर का आपरेशन किया गया। 48 घंटे बीतने के बाद भी उन्हें होश नहीं आया है। पुलिस ने मौके पर मौजूद सरकारी गाड़ी चालक के बयान के आधार पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ सेक्टर-26 थाने में धारा 281, 125(ए) के तहत केस कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए बयान में मोहिंद्र शर्मा निवासी सेक्टर-22डी ने बताया कि वह यहां अपने एक रिश्तेदार के साथ रहते हैं और स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी सेक्टर-18डी चंडीगढ़ में बतौर चालक कार्यरत हैं। 10 सितंबर को उनकी ड्यूटी सुबह 4 से 10 बजे तक एमवीआई रविंद्र सिंह के साथ ट्रांसपोर्ट एरिया सेक्टर- 26 में थी। यहां वह वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान उनकी टीम ने दस्तावेज पूरे न होने पर दो वाहनों को जब्त किया था जिन्हें सेक्टर-26 थाने में खड़ा करने के लिए वह गए थे। उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी गेट के सामने ही पार्किंग में लगा दी। उस समय इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह गाड़ी के बाहर सड़क पर ही खड़े थे।
इसी दौरान सैंटे क्लब की तरफ से आ रहे एक ई-रिक्शा को इंस्पेक्टर रविंद्र ने रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने ई-रिक्शा को रोकने के बजाय उसकी स्पीड बढ़ा दी। जैसे ही इंस्पेक्टर ई-रिक्शा को रोकने के लिए सड़क के बीच में आए तो चालक ने सीधे एमवीआई को जोरदार टक्कर मारी जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। चालक ने तब भी ई-रिक्शा नहीं रोका बल्कि सड़क पर गिरे एमवीआई के ऊपर से ही चढ़ाकर ई-रिक्शा भगा ले गया।
मौके पर मौजूद स्टाफ घायल एमवीआई को लेकर जीएमएसएच-16 लेकर पहुंचा, जहां से सिर में गंभीर चोट के कारण उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उनका ऑपरेशन किया गया है लेकिन अभी उनकी हालत गंभीर है।