हरियाणा आम चुनाव को लेकर चंडीगढ़ में भी शराब के ठेके तीन दिन के लिए बंद रहेंगे। ठेकों का वीरवार शाम से ही बंद कर दिया गया है। इसके अलावा बार और गोदाम पर भी ताला लगा दिया गया है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव का असर चंडीगढ़ पर भी देखने को मिलेगा। वीरवार शाम को हरियाणा में चुनाव प्रचार के थमते ही चंडीगढ़-हरियाणा सीमा से तीन किमी के अंदर के शराब के ठेकों पर भी ताला लग गया। अब मतदान के दिन तक ये ठेके बंद रहेंगे। यूटी प्रशासन के आबकारी एवं कराधान विभाग ने मतगणना के दिन भी इन ठेकों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। जांच के लिए विभाग ने टीमों का भी गठन कर दिया है।
विज्ञापन
हरियाणा में 5 अक्तूबर को चुनाव है। इसे लेकर वीरवार को चुनाव प्रचार थम गया है। पंजाब लिकर लाइसेंस रूल्स-1956 के रूल 37(9) के तहत चंडीगढ़-हरियाणा सीमा से चंडीगढ़ के 3 किलोमीटर में आने वाले सभी शराब के ठेके, बार, होलसेल गोदाम और अन्य एक्साइज एस्टेब्लिशमेंट को बंद रखा जाएगा। इन सभी को वीरवार शाम 6 बजे बंद कर दिया गया है और अब ये 5 अक्तूबर को शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे। मतगणना वाले दिन 8 अक्तूबर को भी पूरे दिन ठेके बंद रखे जाएंगे।
इस आदेश का असर चंडीगढ़ के 20 शराब के ठेकों, पांच बार लाइसेंस और तीन गोदाम पर पड़ेगा, जिन्हें बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। ये अधिकतर मनीमाजरा, मौलीजागरां, किशनगढ़ आदि में हैं। आदेशों का सख्ती से पालन हो, इसके लिए विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों की भी जिम्मेदारी तय की है।
विज्ञापन
आदेश में कहा गया है कि यह ही ठेकों को सील करेंगे। यह सुनिश्चित करना होगा कि इस दौरान कोई भी शराब की बिक्री न हो। यह आदेश यूटी प्रशासन के असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर की तरफ से जारी किए गए हैं।